पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी आतंकी जट्ट

पहलगाम आतंकी हमले में एनआईए की चार्जशीट से पाकिस्तान की भूमिका उजागर हुई। पाकिस्तानी आतंकी साजिद सैफुल्लाह जट्ट को मास्टरमाइंड बताया गया है।

पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी आतंकी जट्ट

पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी आतंकी साजिद सैफुल्लाह जट्ट घोषित
एनआईए ने जट्ट पर 10 लाख का इनाम रखा, यूएपीए के तहत घोषित आतंकवादी
चार पाकिस्तानी आतंकियों समेत स्थानीय मददगारों पर चार्जशीट दाखिल


जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता उजागर हो गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता पाकिस्तान निवासी साजिद सैफुल्लाह जट्ट को बताया है। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी।

एनआईए के अनुसार साजिद सैफुल्लाह जट्ट पाकिस्तान के कसूर का रहने वाला है और लश्कर ए तैयबा के फ्रंट संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट का प्रमुख है। एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है और उसे यूएपीए के तहत प्रतिबंधित आतंकवादी घोषित किया गया है।

करीब आठ महीने की विस्तृत जांच के बाद एनआईए ने जम्मू क्षेत्र की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में तीन अन्य पाकिस्तानी आतंकियों सुलैमानी शाह, हमजा अफगानी और जिब्रान के नाम भी शामिल हैं। ये तीनों आतंकी पहलगाम हमले को अंजाम देने के बाद 28 जुलाई को दाचीगाम क्षेत्र में ऑपरेशन महादेव के दौरान मारे गए थे।

चार्जशीट में छह अन्य आरोपियों के नाम भी दर्ज किए गए हैं, जिनमें स्थानीय सहयोगी बशीर अहमद जोथर, परवेज अहमद जोथर और मोहम्मद यूसुफ कटारी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि बशीर और परवेज ने 21 अप्रैल की रात पहलगाम के हिल पार्क क्षेत्र में एक झोपड़ी में आतंकियों को पनाह दी थी।

मोहम्मद यूसुफ कटारी ने दक्षिण कश्मीर के जंगलों के रास्ते आतंकियों को मार्गदर्शन देकर हमले की जगह तक पहुंचाने में मदद की थी। एनआईए ने सात महीने की जांच के दौरान एक हजार से अधिक लोगों से पूछताछ कर लश्कर और टीआरएफ के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है।

एनआईए के अनुसार इस मामले में आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023, आर्म्स एक्ट 1959 और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम 1967 की धाराएं लगाई गई हैं। इसके साथ ही भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने से जुड़ी धाराएं भी चार्जशीट में जोड़ी गई हैं।