नूंह में गोमांस विवाद पर भड़की हिंसा, छतों से पथराव लाहबास गांव में दो पक्षों में झड़प
नूंह के लाहबास गांव में गोमांस को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पथराव और लाठी-डंडों से हमला हुआ, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
■ गोमांस की सूचना पर नूंह के लाहबास गांव में दो पक्षों में हिंसक झड़प
■ लाठी-डंडों के साथ छतों से पथराव, महिलाएं-बच्चे घरों में कैद
■ पुलिस ने पहुंचकर संभाला हालात, जांच जारी
हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के लाहबास गांव में गोमांस काटने की सूचना को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। जुम्मे की नमाज के बाद अचानक भड़की इस घटना में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ छतों से पथराव शुरू हो गया। इस घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है और लोग दहशत में जी रहे हैं।स्थिति इतनी बिगड़ गई कि महिलाओं और बच्चों को अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिपना पड़ा। पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग चोटिल भी हुए हैं।गांव के निवासी खालिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें गांव में कुछ लोगों द्वारा गोमांस काटे जाने की सूचना मिली थी। जब वह मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो विवाद शुरू हो गया।
खालिद का आरोप है कि इस दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया। एक युवक ने उन पर चाकू फेंका, जो उनके पैर में जा लगा, जबकि दूसरे ने डंडे से हमला कर उनकी उंगली तोड़ दी। उनके परिवार के अन्य सदस्य, जो बीच-बचाव के लिए आए थे, उन्हें भी चोटें आई हैं।विवाद बढ़ने के साथ ही दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और माहौल हिंसक हो गया। छतों से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस हिंसा से लोग घरों में दुबक गए और गांव का सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही पिनगवां थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और माहौल पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि गांव के एक पोखर में गोमांस से जुड़े अवशेष फेंके जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। खालिद का कहना है कि उन्होंने रात में ही शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
shubham