कांग्रेस विधायक के बेटे जावेद खान भाजपा में शामिल, CM सैनी ने दिलाई सदस्यता

हरियाणा के नूंह में विकास संकल्प रैली के दौरान कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

कांग्रेस विधायक के बेटे जावेद खान भाजपा में शामिल, CM सैनी ने दिलाई सदस्यता
  • पुन्हाना से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान भाजपा में शामिल
  • नूंह की विकास संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिलाई पार्टी की सदस्यता
  • क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बाद कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास पहले ही पार्टी से सस्पेंड हैं

हरियाणा के नूंह में आयोजित विकास संकल्प रैली के दौरान पुन्हाना से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच पर उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई। हालांकि, इस दौरान विधायक मोहम्मद इलियास रैली में मौजूद नहीं रहे।

जावेद खान का भाजपा में शामिल होना ऐसे समय हुआ है, जब उनके पिता मोहम्मद इलियास पहले से ही कांग्रेस से निलंबित चल रहे हैं। मार्च में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान उन पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे। इसके बाद कांग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मुलाकात की थी।

जावेद खान का राजनीतिक सफर रहा उतार-चढ़ाव भरा

पेशे से एडवोकेट जावेद खान का राजनीतिक सफर कई बदलावों से गुजरा है। वह पहले कांग्रेस में सक्रिय रहे, लेकिन अप्रैल 2022 में भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के दौरान जननायक जनता पार्टी (जजपा) में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें नूंह का जिलाध्यक्ष भी बनाया था और वह दुष्यंत चौटाला के करीबी नेताओं में गिने जाते थे।

बाद में जब हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनता दिखाई दिया तो जावेद खान कांग्रेस की सभाओं और कार्यक्रमों में नजर आने लगे। इसे पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए जनवरी 2024 में जजपा ने उन्हें जिलाध्यक्ष पद से हटाते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के करीब आने की कोशिश की, लेकिन अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।

मुख्यमंत्री ने गिनाए विकास कार्य

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लंबे समय तक मेवात क्षेत्र विकास से वंचित रहा, लेकिन अब यहां तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक केवल पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लिए की गई 99 महत्वपूर्ण घोषणाओं में से 85 पूरी की जा चुकी हैं। 21 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय महिला महाविद्यालय बनाया गया है। इसके अलावा कई गांवों में करीब 9.91 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि 9.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्रशासनिक भवन का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मेवात कैडर के 1,493 जेबीटी अध्यापकों का परिणाम जारी हो चुका है और उन्हें जल्द ही नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में मेवात विकास की नई पहचान बनेगा।