सोशल मीडिया विवाद बना खूनी संघर्ष, खेड़ा गांव में चली गोलियां, एक की मौत, माहौल तनावपूर्ण , फोर्स तैनात

नूंह के खेड़ला गांव में सोशल मीडिया विवाद के चलते फायरिंग में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात है।

सोशल मीडिया विवाद बना खूनी संघर्ष, खेड़ा गांव में चली गोलियां, एक की मौत, माहौल तनावपूर्ण , फोर्स तैनात

सोशल मीडिया टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा
फायरिंग में 55 वर्षीय खुर्शीद की मौके पर मौत
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात


हरियाणा के नूंह जिले के खेड़ला गांव में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें फायरिंग के दौरान 55 वर्षीय खुर्शीद की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

मौके पर आरोपी।

पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हुई थी। शुरुआत में यह झगड़ा बच्चों के बीच मामूली कहासुनी के रूप में सामने आया, लेकिन धीरे-धीरे यह मामला बड़ों तक पहुंच गया और गंभीर रूप ले लिया।

छत पर चढ़कर दूसरे पक्ष को ललकारता आरोपी।

जानकारी के मुताबिक, शाम करीब चार बजे खुर्शीद पुत्र पप्पू ने इस टिप्पणी का विरोध किया। इसी दौरान गांव के ही जावेद और फरीद के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में यह बहस हिंसक झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने अवैध हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान खुर्शीद को गोली लग गई, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया है और अधिकारियों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अल आफिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर छोटी-छोटी बातों को लेकर बढ़ते विवाद किस तरह गंभीर और जानलेवा रूप ले रहे हैं।