NIFTEM टीम का सफाई अभियान: पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
NIFTEM कुंडली की टीम ने प्रो. मुरलीधर मेघवाल के नेतृत्व में रिथोरा, नंदगांव और चन्द्रावली कुण्ड में स्वच्छता अभियान चलाया। छात्रों ने पौधरोपण किया, ग्रामीणों से संवाद कर स्वास्थ्य शिविर और विकास योजनाओं पर चर्चा की।
• NIFTEM कुंडली की टीम ने रिथोरा, नंदगांव, चन्द्रावली कुण्ड क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया
• छात्रों ने भैल, मीठा नीम, गुलाब, कनेर, जामुन समेत कई पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
• टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर स्वास्थ्य शिविर और विकास साझेदारी पर चर्चा की
कुंडली स्थित NIFTEM (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट) से प्रोफेसर मुरलीधर मेघवाल के नेतृत्व में फ़ूड प्रोसेसिंग विभाग के छात्रों की टीम सोमवार को रिथोरा, नंदगाँव और चन्द्रावली कुण्ड क्षेत्र में पहुंची। टीम ने अपने सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए पूरे इलाके में स्वच्छता अभियान चलाया।
छात्रों ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में बिखरे कूड़ा-कचरा हटाया, बाग-बगीचों की सफाई की और ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए छात्रों ने भैल, मीठा नीम, गुलाब, कनेर, जामुन जैसे फल-फूल और छायादार पौधे लगाए। पौधों को पानी देकर, उनके लिए सुरक्षा शेल्टर बनाकर और उनकी बढ़वार में सहयोग करते हुए बच्चों और ग्रामीणों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित किया।
टीम ने गाँव के बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी जरूरतों को समझा। इस दौरान ग्रामीणों ने पानी, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े कई मुद्दे छात्रों के सामने रखे। छात्रों ने गांव के विद्यालय प्रधान से मुलाकात कर आगामी दिनों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और गांव के समग्र विकास के लिए NIFTEM की तरफ से संभावित सहयोग पर विस्तार से चर्चा की।
प्रो. मुरलीधर मेघवाल ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों में समाज सेवा, पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना भी है। छात्रों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनकी मदद की और स्वच्छता, पौधरोपण व समुदाय विकास की दिशा में बड़े स्तर पर योगदान दिया।
Author1