हरियाणा में लकड़ी के इंधन में लगी आग, मकान समेत हजारों का सामान राख
नारनौल के धरसूं गांव में लकड़ी के इंधन में लगी आग से एक मकान भी चपेट में आ गया। फ्रीज, मोटर, फर्नीचर और अन्य सामान जलने से हजारों का नुकसान हुआ।
नारनौल के धरसूं गांव में लकड़ी के इंधन में लगी भीषण आग
आग की चपेट में आया मकान, फ्रीज-मोटर समेत घरेलू सामान जला
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल स्थित सदर थाना क्षेत्र के गांव धरसूं में बुधवार रात खुले में रखे लकड़ी के इंधन में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते कई ग्रामीणों का हजारों रुपए का लकड़ी का इंधन जलकर राख हो गया। आग की लपटों ने पास बने एक मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा कीमती सामान जल गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे गांव के बाहर खुले स्थान पर रखे लकड़ी के इंधन में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और राहत कार्य में सहयोग किया।
आग की चपेट में आने से सुरेश कुमार सैनी का मकान भी प्रभावित हुआ। आग के कारण घर में रखा फर्नीचर, फ्रीज, पानी की मोटर, बिजली के उपकरण, बिस्तर, दीवारों का हिस्सा और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। इससे परिवार को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।
पीड़ित सुरेश कुमार सैनी ने प्रशासन से हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। वहीं जिन ग्रामीणों का लकड़ी का इंधन आग में जल गया, उन्होंने भी सरकार और प्रशासन से मुआवजा देने की मांग उठाई है।
pooja