हरियाणा में कोचिंग सेंटर की महिला कर्मचारी की मौ*त
नारनौल के मित्रपुरा के पास कार की टक्कर से बाइक सवार महिला गुलशन की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।
नारनौल में सड़क हादसे में महिला की मौत
➤ कार ने बाइक को साइड से मारी टक्कर, चालक मौके से फरार
➤ राजस्थान की रहने वाली गुलशन सीएलसी कोचिंग सेंटर में थी चपरासी
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सदर थाना क्षेत्र की फैजाबाद चौकी के अंतर्गत मित्रपुरा के पास शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसे के दौरान महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर नारनौल जा रही थी। इसी बीच एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मामले में पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के नीमराना थाना क्षेत्र के गांव बसई निवासी नवीन कुमार ने बताया कि वह वर्तमान में मित्रपुरा में रह रहा है। उसने बताया कि बीते कल सुबह करीब 7:30 बजे वह अपनी पत्नी गुलशन को मोटरसाइकिल पर बैठाकर नारनौल छोड़ने जा रहा था।
सीएलसी कोचिंग सेंटर में चपरासी थी गुलशन
मृतका गुलशन नारनौल स्थित सीएलसी कोचिंग सेंटर में चपरासी के पद पर कार्यरत थी। पति-पत्नी मोटरसाइकिल से नारनौल की तरफ जा रहे थे। जब वे मित्रपुरा गांव से आगे पहुंचे, तो टाइल्स वाले रास्ते से एक युवती स्कूटी लेकर मुख्य सड़क पर आ रही थी।
इसी दौरान सामने से आ रही क्रीम रंग की एक अज्ञात कार ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार नवीन और उसकी पत्नी गुलशन दोनों सड़क पर गिर गए।
पति पत्नी को संभालने में लगा, कार चालक फरार
हादसे के बाद सड़क पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। नवीन के मुताबिक वह हादसे के बाद अपनी पत्नी को संभालने में लग गया। इसी दौरान टक्कर मारने वाला कार चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल महिला को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल नारनौल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किए पति के बयान
हादसे की सूचना मिलने पर फैजाबाद पुलिस चौकी की टीम भी सामान्य अस्पताल नारनौल पहुंची। पुलिस ने मृतका के पति नवीन कुमार के बयान दर्ज किए और उसकी शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे में शामिल अज्ञात कार और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि मृतका गुलशन के कोई बच्चा नहीं था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
Akhil Mahajan