मनु भाकर ने गुरु जसपाल राणा को दी भावुक श्रद्धांजलि, लिखा- अपूर्णीय क्षति
ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कोच जसपाल राणा के निधन पर सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें अपूर्णीय क्षति बताया।
ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कोच जसपाल राणा को दी भावुक श्रद्धांजलि
सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर लिखा- "अपूर्णीय क्षति"
कोच के निधन की खबर मिलते ही देहरादून में प्रतियोगिता बीच में छोड़ी
झज्जर। ओलंपिक पदक विजेता भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने अपने गुरु और कोच जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कोच के निधन के एक दिन बाद मनु ने सोशल मीडिया पर उनके साथ बिताए खास पलों की तस्वीरें साझा करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी।
मनु भाकर ने कोच जसपाल राणा के साथ अपनी तीन यादगार तस्वीरें पोस्ट कीं और केवल दो शब्द लिखे— "अपूर्णीय क्षति"। यह छोटा सा संदेश उनके दुख और अपने गुरु के प्रति सम्मान को बयां करता है।
सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में एक फोटो ओलंपिक रिंग्स के सामने की है, जबकि अन्य तस्वीरों में मनु और जसपाल राणा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दौरान भारतीय तिरंगे के साथ दिखाई दे रहे हैं। ये तस्वीरें दोनों के बीच वर्षों से बने मजबूत गुरु-शिष्य संबंध की कहानी कहती हैं।
मनु भाकर और जसपाल राणा का साथ वर्ष 2016 में शुरू हुआ था। शुरुआत में जसपाल राणा भारतीय शूटिंग टीम के कोच थे, लेकिन बाद में वे मनु के निजी कोच भी बने। समय के साथ दोनों का रिश्ता केवल खिलाड़ी और कोच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पारिवारिक जुड़ाव में बदल गया।
परिजनों और करीबी सूत्रों के अनुसार, मनु भाकर की अपने कोच से निधन से एक दिन पहले फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान जसपाल राणा अपनी तबीयत में सुधार की जानकारी दे रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह दोनों की आखिरी बातचीत साबित होगी।
शुक्रवार सुबह जसपाल राणा के निधन की सूचना उस समय मिली, जब मनु भाकर देहरादून में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा ले रही थीं। बताया जाता है कि कुछ समय तक यह दुखद खबर उनसे छिपाई गई, लेकिन जैसे ही उन्हें अपने गुरु के निधन की जानकारी मिली, वह गहरे सदमे में आ गईं और प्रतियोगिता बीच में ही छोड़ दी।
भारतीय निशानेबाजी में मनु भाकर और जसपाल राणा की जोड़ी को सबसे सफल गुरु-शिष्य जोड़ियों में गिना जाता है। मनु की अंतरराष्ट्रीय सफलताओं में जसपाल राणा का अहम योगदान माना जाता रहा है। ऐसे में उनके निधन से खेल जगत के साथ-साथ मनु भाकर को भी व्यक्तिगत और पेशेवर स्तर पर बड़ा झटका लगा है।
उधर, भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज खिलाड़ी और कोच जसपाल राणा का अंतिम संस्कार आज वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, खेल प्रेमी और शुभचिंतक पहुंच रहे हैं। उनके निधन से पूरे खेल जगत में शोक की लहर है।
pooja