कनाडा से आज कुरुक्षेत्र पहुंचेगा स्टूडेंट का शव:18 दिन पहले हुई मौत, 2 साल पहले पढ़ाई करने गया

कुरुक्षेत्र के 22 वर्षीय वीरेन रंगा का शव आज कनाडा से गांव गजलाना पहुंचेगा। स्टडी वीजा पर गए वीरेन की 18 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

कनाडा से आज कुरुक्षेत्र पहुंचेगा स्टूडेंट का शव:18 दिन पहले हुई मौत, 2 साल पहले पढ़ाई करने गया

कनाडा में 18 दिन पहले हुई थी 22 वर्षीय वीरेन रंगा की मौत

दो साल पहले स्टडी वीजा पर गया था कनाडा, जल्द मिलने वाला था वर्क परमिट

आज पैतृक गांव गजलाना पहुंचेगा शव, अंतिम दर्शन के बाद होगा अंतिम संस्कार


कुरुक्षेत्र जिले के गांव गजलाना निवासी वीरेन रंगा (22) का शव रविवार को कनाडा से भारत पहुंच जाएगा। शव को उसके पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के बाद उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। युवा बेटे की असमय मौत से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

वीरेन की मौत करीब 18 दिन पहले कनाडा में हुई थी। परिजनों के अनुसार वह रोजाना की तरह रात को अपने कमरे में सोने गया था, लेकिन अगली सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। उसके साथ रहने वाले चचेरे भाइयों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। परिजन अब भी यह समझ नहीं पा रहे कि एकदम सामान्य दिखने वाला युवक अचानक दुनिया को कैसे अलविदा कह गया।

वीरेन करीब दो साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। उसने वहां इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा की पढ़ाई पूरी कर ली थी और हाल ही में वर्क परमिट के लिए आवेदन किया था। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने करियर की नई शुरुआत करेगा और परिवार का सहारा बनेगा, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने सभी सपनों को तोड़ दिया।

वीरेन ने शाहाबाद के खरींडवा स्थित आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में दो साल का डिप्लोमा किया था। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा के वैंकूवर चला गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने भविष्य को लेकर काफी उत्साहित था।

परिजनों ने बताया कि 14 मई को वीरेन ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार से बातचीत की थी। उस समय उसके पिता राजेंद्र रंगा और बड़े भाई आदित्य भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान वह पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा था और उसने किसी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था।

परिवार के मुताबिक वीडियो कॉल समाप्त होने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। अगले दिन उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली और कुछ समय बाद मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।

वीरेन के पिता राजेंद्र रंगा बिजली निगम में फोरमैन के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में बाबैन में तैनात हैं। उनकी मां सुनीता गृहिणी हैं। बड़ा भाई आदित्य हिमाचल प्रदेश से वेटरनरी सर्जन का कोर्स पूरा करने के बाद इंटर्नशिप कर रहा है।

फिलहाल वीरेन की मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के तहत ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। परिवार समेत पूरे गांव की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

शव को भारत लाने के लिए पिछले कई दिनों से परिवार, रिश्तेदार और दोस्तों ने लगातार प्रयास किए। विदेश में जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब शव को भारत भेजा गया है। इस दौरान रिश्तेदारों और दोस्तों ने आर्थिक व अन्य जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई।

गांव गजलाना में अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। वीरेन की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और हर कोई उसके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।