पहले जहर देकर लिवइन पार्टन को उतारा मौत के घाट, फ‍िर दो बच्‍चे लेकर शातिर महिला फरार

कुरुक्षेत्र में एक दुकानदार की संदिग्ध मौत के बाद उसकी लिवइन पार्टनर पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। महिला घटना के बाद बच्चों सहित फरार हो गई।

पहले जहर देकर लिवइन पार्टन को उतारा मौत के घाट, फ‍िर दो बच्‍चे लेकर शातिर महिला फरार

➤कुरुक्षेत्र में लिवइन पार्टनर पर दुकानदार की हत्या का आरोप

➤दुकानदार के सिर पर चोट, मुंह से निकल रहा था झाग

➤महंगी चीजों की डिमांड को लेकर घर में होता था विवाद


हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दुकानदार की संदिग्ध हालात में मौत के बाद उसकी लिवइन पार्टनर महिला पर हत्या का आरोप लगा है। घटना के बाद महिला अपने दोनों बच्चों के साथ फरार हो गई। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना पर सिटी थाना एसएचओ मौके पर पहुंचे।

मृतक की पहचान रामअवतार (46) निवासी मोहननगर के रूप में हुई है। वह अग्रसेन चौक के पास जनरल स्टोर चलाता था। बताया गया है कि करीब एक साल पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद वह दिल्ली के नरेला निवासी एक महिला शालू के संपर्क में आया था।

पुलिस जांच के अनुसार, 20 अप्रैल को शालू अपने दो बच्चों के साथ कुरुक्षेत्र आकर रामअवतार के साथ रहने लगी थी। शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद घर में विवाद शुरू हो गया।

पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मौजूद परिजन और रिश्तेदार।

मृतक की बेटी शुभम का आरोप है कि शालू लगातार घर में महंगे सामान की मांग करती थी। उसके कहने पर रामअवतार ने नया फ्रिज, अलमारी और बेड खरीदा था। यहां तक कि शालू के बेटे का शहर के एक अच्छे स्कूल में दाखिला भी कराया गया। इसके बावजूद महिला अक्सर झगड़ा करती रहती थी।

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे घर के ऊपर वाले कमरे से रामअवतार के चीखने की आवाज आई। उस समय नीचे कमरे में उसकी बेटी और अन्य बच्चे मौजूद थे। शुभम जब ऊपर पहुंची तो शालू ने उसे वापस नीचे भेज दिया।

कुछ देर बाद जब शुभम दोबारा कमरे में गई तो उसने देखा कि उसके पिता फोल्डिंग पर पड़े हुए थे। उनके सिर से खून निकल रहा था और मुंह से सफेद झाग आ रहा था। यह देख घर में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन तुरंत रामअवतार को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें LNJP अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना सिटी SHO सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती सूचना जहरीला पदार्थ खाने से मौत की मिली थी, लेकिन बेटी के बयान के आधार पर महिला शालू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नरेश कुमार के अनुसार, रामअवतार के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे अंदरूनी ब्लीडिंग हुई। इसके अलावा आंख, होंठ और नाक के पास भी चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं फरार महिला और उसके बच्चों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।