तमिलनाडु में एक्टर विजय की रैली में भगदड़, अब तक 31 मौतें
तमिलनाडु के करूर में अभिनेता विजय की पार्टी TVK की रैली में भीड़ नियंत्रण न होने से भगदड़ मची 29 लोगों की मौत, कई महिलाएं और बच्चे घायल, पीएम और केंद्रीय मंत्री ने दुख जताया
➤ तमिलनाडु करूर में विजय की रैली में भगदड़
➤ 29 मौतें, कई बच्चे और महिलाएं शामिल, 58 घायल
➤ पुलिस ने लाठीचार्ज किया, पीएम और केंद्रीय मंत्री ने दुख जताया
शनिवार शाम अभिनेता से नेता बने विजय की रैली में भीड़ नियंत्रण में न रहने के कारण भयानक भगदड़ मच गई, जिसमें 29 लोग मारे गए और 58 से ज्यादा घायल हुए। मरने वालों में कई बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह रैली विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) की थी। लाखों की संख्या में लोग विजय के भाषण सुनने पहुंचे थे। भाषण के दौरान भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई लोग फंसने और सांस लेने में परेशानी का सामना करने लगे। हालात बिगड़ते देख विजय ने भाषण रोककर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और रैली स्थल छोड़ दिया।
पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिससे हालात और बिगड़ गए। घायल लोगों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि ग्रामीण और स्थानीय लोग भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करते रहे।
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम ए सुब्रमणियन ने पुष्टि की कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। पूर्व मंत्री वीएस बालाजी ने अपडेट देते हुए बताया कि अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गहरा दुख जताया और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया।
विजय की पार्टी हाल ही में 2 फरवरी को लॉन्च हुई थी और 22 अगस्त को उसका फ्लैग और सिम्बल जारी किया गया। अभिनेता विजय ने यह ऐलान किया है कि वे राजनीति में आने के बाद फुल टाइम जनता की सेवा करेंगे।
यह घटना दक्षिण भारत की राजनीति और जनता के बीच विजय की लोकप्रियता के बीच हुई पहली बड़ी दुर्घटना के रूप में सामने आई है। रैली स्थल पर घायल लोगों का इलाज अभी भी जारी है और प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
Akhil Mahajan