शादी का झांसा, रेप और ब्लैकमेल,अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, करनाल में केस दर्ज

करनाल में युवती ने शामली निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार रेप, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल, मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया

शादी का झांसा, रेप और ब्लैकमेल,अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, करनाल में केस दर्ज

शादी का झांसा देकर युवती से कई बार रेप का आरोप
अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल
आरोपी और उसके मामा पर परिजनों से मारपीट व धमकी का आरोप

करनाल जिले के कुंजपुरा थाना क्षेत्र में एक युवती ने उत्तर प्रदेश के शामली निवासी युवक विशु पर शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो भी बना लिए और बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। युवती ने आरोपी पर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं।

युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69, 351(3) और 115 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती ने पुलिस अधीक्षक करनाल से आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग भी की है।

घर पर हुई थी पहली मुलाकात

युवती ने पुलिस अधीक्षक करनाल को दी शिकायत में बताया कि वह करनाल की एक कॉलोनी की रहने वाली है और कुंजपुरा के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। करीब एक साल पहले आरोपी विशु उसके घर आया था। इसी दौरान दोनों की पहली मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने युवती से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। युवती ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह लगातार उसके पीछे पड़ा रहा। युवती का आरोप है कि बीती 5 मार्च को आरोपी ने उसे आत्महत्या करने की धमकी देते हुए कहा कि अगर वह उससे नहीं मिली तो वह मर जाएगा।

इसके बाद 7 मार्च को सुबह करीब 10 बजे युवती आरोपी से मिली। आरोप है कि आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर पुराने बस स्टैंड करनाल के सामने स्थित एक होटल में ले गया। वहां शादी का वादा करके उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना लिए।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बनाया दबाव

युवती के अनुसार, घटना के बाद आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा। उसने कई बार आरोपी से अपने माता-पिता से शादी की बात करने के लिए कहा, लेकिन वह हर बार आज-कल करने लगा। शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने दोबारा मिलने के लिए उस पर दबाव बनाया और कहा कि अगर वह उससे मिलने नहीं आई तो 7 मार्च की आपत्तिजनक वीडियो उसके परिवार को भेज देगा

आरोपी ने युवती से यह भी कहा कि वह अपने घर पर शादी की बात कर चुका है और जल्द ही उसके परिवार वाले रिश्ता लेकर आएंगे। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे और वीडियो वायरल होने के डर के कारण वह लगातार मानसिक दबाव में रही।

25 अप्रैल को फिर उसी होटल ले जाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, मानसिक दबाव बनाकर आरोपी युवती को 25 अप्रैल को फिर उसी होटल में लेकर गया। वहां भी शादी का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक फोटो खींचे।

युवती ने बताया कि आरोपी फोन पर उसके साथ प्यार-मोहब्बत की बातें करने के साथ आपत्तिजनक बातें भी करता था। इसके बाद भी वह शादी की बात को टालता रहा और युवती को लगातार अपने भरोसे में रखता रहा।

30 जून को भी जबरदस्ती संबंध बनाने का आरोप

युवती के अनुसार, 30 जून को आरोपी उसे फिर उसी होटल में ले गया। वहां भी आरोप है कि उसने उसकी इच्छा और मर्जी के बिना शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी ने अपने घर में शादी की बात नहीं की।

युवती का कहना है कि आरोपी उससे कहता रहा कि अगर उसके माता-पिता शादी के लिए तैयार नहीं हुए तो दोनों भागकर शादी कर लेंगे। इस तरह आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा, जबकि युवती के आरोप के अनुसार वह उसके साथ जबरदस्ती करता रहा और निजी फोटो-वीडियो के जरिए दबाव बनाता रहा।

कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

शिकायत में युवती ने 29 अगस्त की घटना का भी जिक्र किया है। उसके अनुसार, रात करीब 10 बजे आरोपी उसे कुंजपुरा बस स्टैंड से मोटरसाइकिल पर बैठाकर उसी होटल में ले गया। युवती ने बताया कि आरोपी के पास पहले से कोल्ड ड्रिंक की एक बोतल थी।

आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। युवती ने रास्ते में मोटरसाइकिल पर बैठे-बैठे उसे पी लिया। होटल पहुंचते-पहुंचते उसे अजीब तरह का नशा महसूस होने लगा।

युवती के मुताबिक, होटल में आरोपी ने पहले उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की तथा शादी करने से साफ मना कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल में पहले बनाए गए फोटो और वीडियो युवती को दिखाए। उसने धमकी दी कि अगर उसने उसके बारे में किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की तो वह सभी वीडियो और फोटो वायरल कर देगा। युवती ने बताया कि इसी धमकी के कारण वह काफी डरी हुई थी।

युवती ने परिजनों को बताई पूरी बात

युवती के अनुसार, आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। कल उसने अपने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार के लोगों ने थाना कुंजपुरा में शिकायत दी।

युवती का आरोप है कि उस शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। उसके मुताबिक, न तो एफआईआर दर्ज की गई, न न्यायाधीश के सामने उसके बयान करवाए गए और न ही उसका मेडिकल कराया गया।

युवती ने पुलिस को बताया कि वह मेडिकल करवाने के लिए तैयार है। उसने कहा कि उसने डर के कारण शिकायत की थी, क्योंकि उसे अपनी जान का खतरा था। युवती के अनुसार, आरोपी पहले भी उसे कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था।

आरोपी के मामा पर भी मारपीट का आरोप

शिकायत में युवती ने आरोपी के परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार, शिकायत देने के बाद आरोपी के पिता ने युवती के परिवार को अपने घर बुलाया।

युवती के परिवार के लोग जब वहां पहुंचे तो आरोप है कि आरोपी और उसके मामा प्रमोद ने युवती की दोनों बड़ी बहनों, भाई और जीजा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। परिवार के लोगों ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई और घर पहुंचे।

इसके बाद आरोपी ने युवती की बड़ी बहन को फोन किया। आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा कि उस दिन तो वे जिंदा बचकर चले गए, वरना सभी की अर्थी जाती।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने परिवार को मानहानि का मुकदमा करने और एक करोड़ रुपए का जुर्माना लगवाने की धमकी दी।

धारा 69, 351(3) और 115 बीएनएस में केस दर्ज

युवती ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर बार-बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने, धोखा देने, आपत्तिजनक वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देने, ब्लैकमेलिंग, गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

साथ ही युवती ने अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई।

पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मानसिक रूप से परेशान करने और धमकी देने के आरोपों में धारा 69, 351(3) और 115 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।