माल रोड पर दर्दनाक हा*दसा, पिकअप की टक्कर से रिटायर्ड टीचर की मौ*त
करनाल में माल रोड पर सैर करने निकले रिटायर्ड टीचर नरेश शर्मा को पिकअप ने टक्कर मार दी। जन्मदिन के अगले दिन हादसे में उनकी मौत हो गई।
माल रोड पर सैर करने निकले रिटायर्ड टीचर नरेश शर्मा को पिकअप ने कुचला
➤ जन्मदिन पार्टी के अगले दिन हादसा, मौके पर ही हुई 67 वर्षीय नरेश की मौत
➤ पुलिस CCTV कैमरों से आरोपी ड्राइवर की पहचान कर तलाश में जुटी
करनाल शहर के माल रोड पर बुधवार सुबह सैर करने निकले एक रिटायर्ड टीचर को पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के शवगृह भेज दिया।
दोपहर बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पिकअप ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान करनाल की कर्म सिंह कॉलोनी निवासी रिटायर्ड टीचर नरेश शर्मा (67) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 18 अगस्त को नरेश शर्मा का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर मंगलवार रात घर में पार्टी भी रखी गई थी। परिवार में खुशी का माहौल था। इसके अगले ही दिन बुधवार सुबह नरेश शर्मा रोजाना की तरह घर से सैर करने के लिए निकले थे।
परिजनों ने बताया कि माल रोड पर फुटपाथ की साफ-सफाई नहीं होने के कारण वहां पैदल चलना मुश्किल है। इसी वजह से नरेश शर्मा सड़क पर ही सैर कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नरेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ देर बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष दिखाई दिया। लोगों का कहना है कि माल रोड से भारी और ओवरलोड वाहन लगातार गुजरते हैं। फुटपाथों पर सफाई नहीं होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही के बीच हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी सतीबी, सतेंद्र और रानी देवी ने भारी वाहनों की आवाजाही पर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने पुलिस से ऐसे वाहनों पर निगरानी बढ़ाने और उनके चालान काटने की मांग की, ताकि सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
वहीं, पुलिस अब हादसे में शामिल पिकअप चालक की पहचान करने में जुटी है। सब इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि माल रोड पर वाहन की टक्कर से नरेश शर्मा की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। आरोपी वाहन ड्राइवर की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सब इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि पुलिस समय-समय पर ओवरलोड और तय सीमा से बड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करती है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच के साथ आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।
pooja