करनाल में इंटरनेशनल कॉल से 30 लाख की रंगदारी की मांग, परिवार को दी जान से मारने की धमकी

करनाल के घरौंडा क्षेत्र में इंटरनेशनल कॉल से 30 लाख की रंगदारी मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया, पुलिस जांच में जुटी है।

करनाल में इंटरनेशनल कॉल से 30 लाख की रंगदारी की मांग, परिवार को दी जान से मारने की धमकी

करनाल में इंटरनेशनल कॉल से 30 लाख की रंगदारी की मांग
परिवार को जान से मारने की धमकी, गांव में फायरिंग करवाने का दावा
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की, परिवार में दहशत


हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र से रंगदारी और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यक्ति को इंटरनेशनल नंबर से कॉल कर 30 लाख रुपए की मांग की गई और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई।

पीड़ित के अनुसार, वह मिट्टी का काम करता है और उसके पास तीन डंपर हैं। साथ ही वह खेतीबाड़ी भी करता है। उसके दो बेटे हैं, जिनमें एक कनाडा में रहता है जबकि दूसरा घर पर पढ़ाई कर रहा है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 1 और 2 मई की रात करीब 2 बजे उसके मोबाइल पर लगातार इंटरनेशनल नंबर से कॉल आई। जब उसने फोन उठाया तो दूसरी तरफ मौजूद युवक ने खुद को जानकार बताते हुए पूरे परिवार की जानकारी होने का दावा किया।

आरोपी ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि उसे परिवार के हर सदस्य की जानकारी है। उसने बताया कि उसका एक बेटा विदेश में है और दूसरा घर पर रहता है। आरोपी ने यह भी कहा कि उसका घर गांव से बाहर है और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

इतना ही नहीं, आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि अगर 30 लाख रुपए नहीं दिए, तो वह पूरे परिवार को खत्म करवा देगा। उसने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले गांव में हुई फायरिंग उसी ने करवाई थी, ताकि डर का माहौल बनाया जा सके।

पीड़ित ने बताया कि रात किसी तरह परिवार के साथ समय बिताया, लेकिन 2 मई की सुबह करीब 10:35 बजे फिर उसी नंबर से कॉल आई। कुछ ही मिनट बाद दोबारा फोन कर आरोपी ने पैसों का इंतजाम करने के लिए कहा और चेतावनी दी कि रात को वह फिर कॉल कर पैसे देने का तरीका बताएगा।

आरोपी ने यह भी धमकी दी कि अगर इस मामले की जानकारी पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को दी गई तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा और किसी को कुछ पता नहीं चलेगा।

लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित और उसका परिवार गहरे डर के माहौल में जी रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मामले में घरौंडा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर देवेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।