कैथल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: 2 सगे भाइयों के पैरों में लगी गोली, करोड़ों की चोरी के आरोपी गिरफ्तार

कैथल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो इनामी सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया। दोनों करोड़ों की चोरी के मामले में वांछित थे और पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हुए।

कैथल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: 2 सगे भाइयों के पैरों में लगी गोली, करोड़ों की चोरी के आरोपी गिरफ्तार

कैथल में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग के जवाब में दोनों भाइयों के पैरों में लगी गोली

चीका में करोड़ों की चोरी के मामले में दोनों आरोपी पहले से वांछित थे


हरियाणा के कैथल में गुरुवार अल सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब सुबह 4 बजे हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। दोनों आरोपी चीका में हुई करोड़ों रुपए की चोरी के मामले में वांछित थे और उन पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

एनकाउंटर के बाद घायल बदमशों को लेकर जाती पुलिस।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहन सिंह और धर्मबीर निवासी मौड़ मंडी, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनकी घेराबंदी की।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस टीम अपराधियों की तलाश और नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 9 जून को कस्बा चीका के हुड्डा सेक्टर में हुई करोड़ों रुपए की चोरी में शामिल दोनों आरोपी होंडा WR-V कार में पुंडरी क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं।

मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी तेज रफ्तार में वाहन लेकर भाग निकले। पीछा करने के दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने अवैध पिस्तौलों से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने पहले आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी और हवाई फायर भी किए, लेकिन लगातार फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान धर्मबीर के बाएं पैर और सोहन सिंह के दाएं पैर में गोली लगी। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

घटनास्थल से पुलिस ने दो अवैध .32 बोर देसी पिस्तौल, वारदात में इस्तेमाल होंडा WR-V कार तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 9 जून को चीका में हुई बड़ी चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पूंडरी में पुलिस टीम पर हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों अन्य किन-किन आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।