लिस के सब इंस्पेक्टर के इंजिनियर बेटे पर FIR:दहेज में 10 लाख कैश-लग्जरी कार मांगी; पत्नी-बेटी को घर से निकाला,पुलिस पावर की धौंस का आरोप
जींद में पुलिस सब-इंस्पेक्टर के इंजीनियर बेटे पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज। पत्नी ने 10 लाख नकद और लग्जरी कार की मांग व पुलिस पावर की धौंस के आरोप लगाए।
➤ सब-इंस्पेक्टर के बेटे पर दहेज, मारपीट और धमकी की FIR
➤ 10 लाख नकद और लग्जरी कार की मांग, अवैध संबंधों का आरोप
➤ पत्नी और तीन साल की बेटी को मारपीट कर घर से निकाला
जींद जिले में एक बार फिर खाकी की पावर के साये में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। सीआईए जींद में तैनात सब-इंस्पेक्टर के इंजीनियर बेटे पर पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। पीड़िता का आरोप है कि उसका ससुर पुलिस में SI है और वह अपनी पद व पावर की धौंस दिखाकर उसे चुप कराने की कोशिश करता रहा। महिला का यह भी कहना है कि पति के दूसरी महिला से अवैध संबंध हैं, जिसका विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया।
जींद के ललित खेड़ा गांव की रहने वाली अंजू रानी ने महिला थाना में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 15 मार्च 2021 को ईक्कस गांव निवासी संदीप कुमार के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें 7 लाख रुपये नकद, 20 तोला सोना और घरेलू सामान शामिल था। बावजूद इसके, शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने कम दहेज का ताना देना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के महज 15 दिन बाद ही ससुराल वालों ने फॉर्च्यूनर कार और ज्यादा दहेज की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। संदीप के पिता जगमाल सिंह ढुल, जो जींद पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं, कथित तौर पर अपने पद का रौब दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी देते रहे। महिला का कहना है कि पुलिस की पावर के डर से वह लंबे समय तक चुप रही।
अंजू ने शिकायत में बताया कि उसका पति गुरुग्राम की एक कंपनी में इंजीनियर है और वहीं उसका दूसरी युवती के साथ अवैध संबंध है। जब उसे इस बात का पता चला और उसने इसका विरोध किया, तो पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि विरोध करने की सजा उसे और उसकी मासूम बेटी को भुगतनी पड़ी।
महिला के अनुसार, ससुराल पक्ष ने जींद के सेक्टर में मकान खरीदने के नाम पर 10 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार की मांग रखी। मांग पूरी न होने पर 28 फरवरी 2025 को आरोपियों ने अंजू और उसकी तीन साल की बेटी को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया और उसका पूरा स्त्रीधन अपने पास रख लिया। तब से वह मायके में रहने को मजबूर है।
पीड़िता ने बताया कि करीब एक साल के दौरान पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा और दहेज का सामान लौटाने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
महिला थाना जींद की एसआई मोनिका/मानिका के अनुसार, समझौता सदन में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद प्राथमिक जांच के आधार पर पति संदीप कुमार के खिलाफ BNS की धाराओं 115, 316(2), 351(2), 85 के तहत FIR नंबर 15 दर्ज की गई है। ससुर, सास और ननद की भूमिका की जांच जारी है और सबूत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan