हरियाणा में बारातियों की कार हा*दसे का शिकार, दो युवकों की मौ*त
जींद के उचाना में बारातियों से भरी कार का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे पाइपों से टकराने पर दो युवकों की मौत और सात घायल हो गए।
जींद में बारातियों की कार का टायर फटने से दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौत
सड़क किनारे रखे पाइपों से टकराई आर्टिका कार, सात युवक घायल
घायलों को उचाना अस्पताल से हिसार रेफर किया गया, पुलिस जांच में जुटी
जींद जिले के उचाना क्षेत्र में दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बारातियों से भरी एक आर्टिका कार का टायर अचानक फट गया और चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
जानकारी के अनुसार, यह आर्टिका कार छात्तर गांव से बड़ौदा गांव जा रही एक बारात का हिस्सा थी। छात्तर गांव निवासी मोहित की शादी थी और कार में कुल नौ युवक सवार होकर बारात में शामिल होने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बड़ौदा गांव के पास पहुंचते ही कार का टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे रखे पाइपों से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत उचाना नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान छात्तर गांव निवासी अंकुश और करसिंधु गांव निवासी दीपक के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल अन्य युवकों को बेहतर उपचार के लिए परिजन हिसार के अस्पताल लेकर गए।
थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार का टायर फटने से चालक का संतुलन बिगड़ गया था, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे रखे पाइपों से टकरा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
pooja