हरियाणा के कारोबारी विजेंद्र मोर ह*त्याकांड का खुलासा, पूर्व लिव-इन पार्टनर और पति गिरफ्तार
जींद के कारोबारी विजेंद्र मोर हत्याकांड में पुलिस ने पूर्व लिव-इन पार्टनर और उसके पति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे जमीन विवाद और निजी रंजिश की साजिश सामने आई।
जींद के कारोबारी विजेंद्र मोर हत्याकांड में पूर्व लिव-इन पार्टनर और उसके पति गिरफ्तार
हत्या के बाद शव पर 40 लीटर डीजल डालकर जंगल में जलाया, पहचान मिटाने की कोशिश
आरोपियों को पकड़ने जा रही पुलिस टीम की सड़क दुर्घटना में 4 पुलिसकर्मियों समेत 5 लोगों की हुई थी मौत
हरियाणा के जींद निवासी कारोबारी विजेंद्र मोर की हत्या की गुत्थी उत्तर प्रदेश की जालौन पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में कारोबारी की पूर्व लिव-इन पार्टनर सपना रानी और उसके पति मोहित मलिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने करोड़ों रुपये की जमीन के विवाद और निजी रंजिश के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच के अनुसार, 4 मई 2026 को विजेंद्र मोर अपने जालौन जिले के रिनिया गांव स्थित ट्यूबवेल पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद उनकी हत्या कर शव को हमीरपुर जिले के कुपरा जंगल में ले जाया गया। आरोपियों ने पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव पर करीब 40 लीटर डीजल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
घटना के अगले दिन कारोबारी के मौसेरे भाई अमरीक ने अपहरण का मामला दर्ज कराया। आरोपियों की तलाश में हरियाणा की ओर आ रही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम की गाड़ी नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार पुलिसकर्मियों और केस के वादी अमरीक की मौत हो गई थी।
हादसे के बावजूद पुलिस ने जांच जारी रखी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना से करीब 15 दिन पहले आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी की थी। इसके बाद छह लोगों ने मिलकर अपहरण और हत्या की पूरी साजिश को अंजाम दिया।
पुलिस ने सपना रानी और मोहित मलिक को कदौरा थाना क्षेत्र के चितैला फार्म हाउस से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर जंगल से विजेंद्र मोर की अधजली हड्डियां भी बरामद कर ली गईं।
पुलिस जांच में सामने आए हत्या के तीन बड़े कारण
पुलिस के अनुसार, सपना रानी अपने पहले पति की मौत के बाद विजेंद्र मोर के साथ करीब पांच वर्ष तक लिव-इन रिलेशनशिप में रही। बाद में उसने मोहित मलिक से शादी कर ली। इसके बाद भी विजेंद्र कथित रूप से उस पर दोबारा साथ रहने का दबाव बना रहा था और दोनों को धमकियां देता था।
जांच में यह भी सामने आया कि सपना और मोहित कथित रूप से मटका-सट्टा के कारोबार से जुड़े थे। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान दोनों ने जमीन में निवेश किया और आर्थिक रूप से मजबूत हुए।
जालौन पुलिस के अनुसार, करीब 5 करोड़ रुपये की जमीन के सौदे को लेकर भी विवाद चल रहा था। आरोप है कि इस विवाद के चलते विजेंद्र मोर की हत्या की साजिश रची गई। पुलिस का कहना है कि इस षड्यंत्र में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।
झांसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने दोनों मुख्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
pooja