हरियाणा में कांग्रेस MLA के बेटे BJP में होंगे शामिल, CM सैनी की नूंह रैली में जॉइनिंग

हरियाणा के नूंह में कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी की रैली में भाजपा में शामिल होंगे। इसे मेवात की राजनीति का बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।

हरियाणा में कांग्रेस MLA के बेटे  BJP में होंगे शामिल, CM सैनी की नूंह रैली में जॉइनिंग

➤ पुन्हाना से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान शनिवार को BJP जॉइन करेंगे
➤ CM नायब सैनी की नूंह रैली में मंच से होगी औपचारिक जॉइनिंग
➤ कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के भी रैली में पहुंचने की संभावना


नूंह। हरियाणा की राजनीति में शनिवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। पुन्हाना से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामेंगे। उनकी जॉइनिंग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नूंह जिले के पुन्हाना में आयोजित जनसभा के दौरान कराई जाएगी। खुद जावेद खान ने इसकी पुष्टि की है।

हरियाणा में नूंह को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है। ऐसे में भाजपा की ओर से इस इलाके में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तहत इस जॉइनिंग को अहम माना जा रहा है। हाल के महीनों में मोहम्मद इलियास की भाजपा नेताओं के साथ बढ़ती नजदीकियां भी लगातार चर्चा में रही हैं।

राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग के बाद मोहम्मद इलियास कई बार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ नजर आए थे। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। हालांकि उस समय इलियास ने अपने इस्तीफे को लेकर कहा था कि "जब पकी-पकाई खीर मिल रही है तो इस्तीफे की क्या जरूरत?"

CM सैनी का रहेगा यह कार्यक्रम

मुख्यमंत्री नायब सैनी शुक्रवार और शनिवार को गुरुग्राम-नूंह के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को वे पहले गुरुग्राम में लोगों से मुलाकात करेंगे और ग्रीवेंस कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद पुन्हाना पहुंचकर कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे आयोजित जनसभा में जावेद खान की भाजपा में औपचारिक एंट्री कराई जाएगी।

कांग्रेस विधायक के भी पहुंचने की संभावना

सूत्रों के अनुसार, यदि स्वास्थ्य ठीक रहा तो कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास भी मुख्यमंत्री की रैली में पहुंच सकते हैं। वहीं जावेद खान खुद क्षेत्र में लोगों को मुख्यमंत्री की रैली में आने का न्योता देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कई दल बदल चुके हैं जावेद खान

पेशे से एडवोकेट जावेद खान पहले कांग्रेस से जुड़े रहे। इसके बाद वर्ष 2022 में जननायक जनता पार्टी (JJP) में शामिल हुए और उन्हें नूंह जिलाध्यक्ष बनाया गया। बाद में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने पर वे फिर कांग्रेस के करीब आए। जजपा ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया था। अब वे भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।

नूंह पर BJP की खास नजर क्यों

नूंह जिले की तीनों विधानसभा सीटोंनूंह, पुन्हाना और फिरोजपुर झिरका—पर फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है। यह क्षेत्र मुस्लिम बहुल माना जाता है। भाजपा लंबे समय से यहां संगठन मजबूत करने और मुस्लिम समाज के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इसी रणनीति के तहत मुख्यमंत्री का यह दौरा और जावेद खान की जॉइनिंग महत्वपूर्ण मानी जा रही है।