भाजपा नेता पर हमले की कोशिश,खेत में गंडासी लेकर पहुंचा आरोपी, चुनावी रंजिश का आरोप

कुरुक्षेत्र के अजराना खुर्द गांव में भाजपा नेता कंवलजीत अजराना पर गंडासी से हमले की कोशिश का आरोप लगा है। पंचायती चुनाव की रंजिश बताकर झांसा पुलिस को शिकायत दी।

भाजपा नेता पर हमले की कोशिश,खेत में गंडासी लेकर पहुंचा आरोपी, चुनावी रंजिश का आरोप

कुरुक्षेत्र में भाजपा नेता कंवलजीत अजराना पर गंडासी से हमले की कोशिश

➤ खेत में काम कर रहे थे अजराना, आरोपी रिवाल्वर और गंडासी लेकर पहुंचा

➤ पंचायती चुनाव की रंजिश में हमले का आरोप, झांसा पुलिस को दी शिकायत

कुरुक्षेत्र जिले के अजराना खुर्द गांव में खेत में काम कर रहे भाजपा नेता कंवलजीत सिंह अजराना पर गंडासी से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति गंडासी और रिवाल्वर लेकर उनके खेत में पहुंचा और उन पर हमला करने का प्रयास किया। कंवलजीत सिंह ने शोर मचाकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

भाजपा नेता ने इस घटना के पीछे पंचायती चुनाव की रंजिश को वजह बताया है। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान विपक्षी पार्टी की हार के बाद से ही गांव के एक व्यक्ति के साथ उनका विवाद चल रहा था। मामले की शिकायत झांसा पुलिस स्टेशन में दी गई है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

खेत में काम कर रहे थे कंवलजीत, गंडासी लेकर पहुंचा आरोपी

कंवलजीत सिंह अजराना ने फोन पर बताया कि वह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति गंडासी और रिवाल्वर लेकर खेत में पहुंच गया।

उनके आरोप के मुताबिक, आरोपी ने वहां आते ही उन पर गंडासी से हमला करने की कोशिश की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बचने के लिए उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस तरह कंवलजीत सिंह हमले में बाल-बाल बच गए।

पंचायती चुनाव की हार के बाद से चल रही थी रंजिश

भाजपा नेता ने बताया कि उनकी गांव के एक व्यक्ति के साथ पंचायती चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। चुनाव के दौरान विपक्षी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। उनका आरोप है कि इसके बाद से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ था।

कंवलजीत सिंह ने इसी चुनावी रंजिश को हमले की कोशिश की वजह बताया है।

झांसा पुलिस को दी शिकायत, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद कंवलजीत सिंह अजराना ने झांसा थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिकायत में हमले की कोशिश और आरोपी के गंडासी व रिवाल्वर लेकर खेत में पहुंचने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।

2024 में भाजपा ने पिहोवा से बनाया था प्रत्याशी

कंवलजीत सिंह अजराना हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के प्रवक्ता रह चुके हैं। साल 2024 में भाजपा ने उन्हें पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बनाया था।

हालांकि, जनता के विरोध के चलते पार्टी ने उनसे टिकट वापस ले ली थी। इसके बाद उनकी जगह जय भगवान डीडी शर्मा को पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दी गई थी।