राजीव से पहली नजर का प्यार, फिर PM की कुर्सी से दूरी... सोनिया ने खोले जिंदगी के राज
सोनिया गांधी की 527 पन्नों की किताब बिलॉन्गिंग लॉन्च हुई। सात अध्यायों में राजीव गांधी से प्रेम, परिवार, भारतीय नागरिकता और 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले का खुलासा
➤ 527 पन्नों की किताब में कुल 7 अध्याय, राजीव गांधी से पहली मुलाकात से लेकर कांग्रेस नेतृत्व तक का सफर
➤ 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने का फैसला पहले ही कर चुकी थीं सोनिया, राहुल और प्रियंका भी नहीं चाहते थे कि वह PM बनें
➤ ऋग्वेद की ऋचा से एकता का संदेश, इटली छोड़ने, भारतीय नागरिकता लेने और गांधी परिवार से जुड़ी निजी यादों का भी जिक्र
नई दिल्ली। लंबे समय तक अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने वाली कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने आखिरकार अपनी जिंदगी की कहानी खुद दुनिया के सामने रख दी है। उनकी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) बाजार में आ चुकी है।
527 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने बचपन, इटली में बिताए दिनों, राजीव गांधी से प्रेम और शादी, भारत आने के अनुभव, गांधी परिवार के साथ अपने रिश्तों और राजनीति में आने तक के सफर को विस्तार से साझा किया है। किताब में कई ऐसे निजी और राजनीतिक प्रसंग भी शामिल हैं, जिनमें 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला, राहुल और प्रियंका की चिंताएं, राजीव गांधी से पहली मुलाकात और भारतीय नागरिकता लेने के समय के भावनात्मक अनुभव प्रमुख हैं। हार्पर कॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित इस किताब को सोनिया गांधी ने अपने परिवार को समर्पित किया है। उन्होंने इसे राजनीतिक दस्तावेज के बजाय अपनी निजी जिंदगी का संस्मरण बताया है।
527 पन्नों में समेटा जिंदगी का सफर, सात अध्यायों में बंटी किताब
सोनिया गांधी की किताब में कुल सात अध्याय हैं। इनमें उनके जीवन के अलग-अलग दौर और अनुभवों को जगह दी गई है।
किताब के सात अध्याय इस प्रकार हैं।
-
Love and Courtship – प्रेम और प्रणय।
-
Finding My Way – अपना मार्ग खोजना।
-
Triumphs and Defeat – विजय और पराजय।
-
Rajiv as Prime Minister – प्रधानमंत्री के रूप में राजीव।
-
Denouement and Aftermath – परिणति और उसके बाद।
-
Leading the Congress Party – कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व।
-
Twenty Years On – बीस साल बाद।
सोनिया ने किताब के शुरुआती पन्नों में इसे अपने बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रैहान तथा मिराया को समर्पित किया है। किताब में परिवार से जुड़ी तस्वीरें और जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों की यादें भी शामिल हैं।
ऋग्वेद की ऋचा के जरिए दिया एकता और सामंजस्य का संदेश
किताब का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ऋग्वेद की एक ऋचा को समर्पित है। इसमें मिल-जुलकर चलने, एक साथ विचार करने और आपसी सामंजस्य बनाए रखने का संदेश दिया गया है।
इस ऋचा का भावार्थ है कि सभी लोग साथ चलें, मिलकर संवाद करें और उनके विचार तथा उद्देश्य एक हों। उनके दिलों में आपसी तालमेल और एकता की भावना बनी रहे, ताकि सभी मिलकर जीवन को बेहतर बना सकें।
किताब में इस ऋचा को शामिल करना भारतीय संस्कृति और एकजुटता के विचार के प्रति सोनिया गांधी के दृष्टिकोण को भी दर्शाता है।
2004 में ही तय कर लिया था, प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी सोनिया गांधी
किताब के सबसे चर्चित राजनीतिक खुलासों में से एक 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला है।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी नहीं चाहते थे कि वह इस पद की जिम्मेदारी संभालें।
इसके पीछे गांधी परिवार की पुरानी त्रासदियों की यादें थीं। राहुल और प्रियंका के मन में अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्याओं की घटनाएं थीं। दोनों को आशंका थी कि प्रधानमंत्री बनने से सोनिया गांधी की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ सकता है।
सोनिया ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपने इस फैसले को सार्वजनिक नहीं किया था। उन्हें डर था कि इससे पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान पैदा हो सकती है।
चुनाव में जीत के बाद गठबंधन के नेताओं ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने की कोशिश की। उन्होंने अपना फैसला बताया, लेकिन नेताओं ने उनकी बात पूरी तरह सुने बिना ही इसे सहमति मान लिया। इस दौरान प्रियंका गांधी खिड़की के बाहर खड़ी होकर पूरा घटनाक्रम देख रही थीं।
कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई थी राजीव गांधी से पहली मुलाकात
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में राजीव गांधी के साथ प्रेम कहानी का भी विस्तार से जिक्र किया है।
उन्होंने बताया कि वह महज 19 साल की उम्र में अंग्रेजी सीखने के लिए इटली से कैम्ब्रिज पहुंची थीं। इसी दौरान एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी नजर राजीव गांधी पर पड़ी। जनवरी के एक दिन उनके दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने दोनों की मुलाकात कराई थी।
सोनिया के मुताबिक, पहली मुलाकात में ही दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए थे। राजीव गांधी दिल्ली से कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने पहुंचे थे।
धीरे-धीरे दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं। साथ घूमना, दोस्तों के साथ पार्टियों में जाना और छुट्टियां बिताना उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया।
सोनिया ने वैलेंटाइन डे से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग भी साझा किया है। उन्होंने लिखा कि राजीव पहली बार उन्हें वैलेंटाइन डे पर आयोजित एक पार्टी में ले जाने पहुंचे थे। उन्हें देखकर राजीव कुछ पल के लिए ठिठक गए थे। इसके बाद दोनों को महसूस होने लगा कि वे पूरी जिंदगी साथ बिताना चाहते हैं।
पिता के सख्त स्वभाव के कारण परिवार से छिपाया रिश्ता
सोनिया गांधी ने बताया कि राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते के बारे में परिवार को बताने में उन्हें काफी डर लगता था।
उनके पिता स्टेफानो मैनो अनुशासन पसंद और सख्त स्वभाव के व्यक्ति थे। सोनिया को आशंका थी कि अगर उन्हें इस रिश्ते के बारे में पता चल गया तो वह उन्हें तुरंत इटली वापस बुला लेंगे।
हालांकि, उन्होंने अपने पिता के व्यक्तित्व का दूसरा पहलू भी सामने रखा है। उनके मुताबिक, पिता अनुशासन के मामले में सख्त जरूर थे, लेकिन जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए हमेशा तैयार रहते थे।
रूस में गरीब परिवार की मदद से जुड़ी है सोनिया और अनूश्का नाम की कहानी
किताब में सोनिया गांधी ने अपने परिवार के नामों से जुड़ी एक दिलचस्प घटना भी साझा की है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान इटली की सेना में थे और रूस के मोर्चे पर तैनात रहे थे। वहां उन्होंने एक गरीब परिवार के बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया था।
उस परिवार की दो बच्चियों के नाम अनूश्का और सोनिया थे। पिता ने बाद में अपनी बेटियों के नाम भी उन्हीं बच्चियों के नाम पर रखे।
हालांकि, चर्च के रिकॉर्ड में उनके नाम एलेसांद्रा और एंटोनिया दर्ज हुए थे, लेकिन परिवार में वे अनूश्का और सोनिया के नाम से ही पहचानी जाती थीं।
भारतीय नागरिकता लेते समय भावुक हो गई थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने इटली की नागरिकता छोड़ने और भारतीय नागरिकता अपनाने के अनुभव को भी किताब में जगह दी है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय तक उन्होंने अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था। यह केवल यात्रा का दस्तावेज नहीं, बल्कि उनके पुराने जीवन और पहचान का हिस्सा था।
समय के साथ भारत में उनका जीवन पूरी तरह बस गया था। भारतीय खानपान, पहनावे और रहन-सहन को उन्होंने अपना लिया था। राजीव गांधी के सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्हें भारतीय नागरिकता लेना उचित लगा।
नागरिकता से जुड़ी औपचारिक प्रक्रिया इटली के राजदूत के आवास पर पूरी हुई थी। वहां एक अधिकारी ने उन्हें दस्तावेज पढ़कर सुनाए और समझाया कि यह फैसला अंतिम होगा।
सोनिया ने लिखा कि दस्तावेज पढ़ते समय उनकी धड़कन तेज हो गई थी और चेहरा गर्म महसूस होने लगा था। उन्हें लगा कि उनकी पहचान का एक हिस्सा हमेशा के लिए उनसे अलग हो रहा है।
किताब के अनुसार, उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता ग्रहण की थी।
बिल क्लिंटन से लेकर निकोलस सरकोजी तक के किस्से
सोनिया गांधी ने किताब में अंतरराष्ट्रीय नेताओं और चर्चित हस्तियों से मुलाकात के कुछ अनुभव भी साझा किए हैं।
उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से जुड़ा एक प्रसंग लिखा है। साल 2000 में क्लिंटन की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उनके सम्मान में एक स्वागत समारोह आयोजित किया था।
सोनिया के मुताबिक, उस कार्यक्रम में उन्होंने देखा कि क्लिंटन बार-बार वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं की ओर चोरी-छिपे देख रहे थे। उन्होंने मोनिका लेविंस्की विवाद का भी संदर्भ दिया है।
इसके अलावा फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से मुलाकात का किस्सा भी शामिल है। सोनिया ने लिखा कि 2008 में सरकोजी भारत आए थे। एक रात्रिभोज के दौरान उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी की पत्नी ने उनसे शादी की योजना को लेकर मजाकिया अंदाज में सवाल किए थे। सरकोजी ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बातचीत की और फोन पर कार्ला ब्रूनी को संदेश भी भेज रहे थे।
प्रिंसेस डायना की खूबसूरती और निजी जिंदगी का भी किया जिक्र
सोनिया गांधी ने ब्रिटेन की दिवंगत प्रिंसेस डायना से मुलाकात के अनुभव भी साझा किए हैं।
उन्होंने बताया कि 1981 में राजीव गांधी के साथ डायना की शादी में शामिल हुई थीं। उस समय डायना बेहद खूबसूरत दुल्हन लग रही थीं।
इसके बाद 1992 में डायना की भारत यात्रा के दौरान ताजमहल के सामने उनकी मुलाकात हुई थी। सोनिया ने डायना की लंबाई, खूबसूरत आंखों और आकर्षक मुस्कान का जिक्र किया है। उन्होंने यह भी लिखा कि उस समय डायना के चेहरे पर उनकी वैवाहिक परेशानियों की झलक दिखाई देती थी।
अपनी जिंदगी को लेकर क्या सोचती हैं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने किताब के माध्यम से यह बताने की कोशिश की है कि उनका जीवन केवल राजनीति और सार्वजनिक पदों तक सीमित नहीं रहा।
उनके मुताबिक, उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा निजी दायरे में बिताया। परिवार के बारे में बहुत कुछ लिखा गया, लेकिन उनके अनुसार परिवार के सदस्यों को इंसान के रूप में समझने की कोशिश कम हुई।
उन्होंने बताया कि दुख और परिवार के सदस्यों को खोने के अनुभवों ने उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया। जब उन्हें लगा कि परिवार के बलिदानों और कांग्रेस पार्टी के उद्देश्यों पर संकट आ रहा है, तब उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया।
सोनिया ने भारत में पांच दशक से अधिक समय के अपने अनुभवों को भी किताब का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने देश को बदलते हुए देखा है। शुरुआत में वह इस बदलाव को किनारे से देख रही थीं, लेकिन बाद में देश की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के केंद्र में आ गईं।
मोदी और अपनी विचारधारा को बताया अलग
किताब के प्रकाशन से पहले दिए गए एक साक्षात्कार में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत को लेकर अपनी सोच में अंतर बताया था।
उन्होंने पिछले 12 वर्षों में देश के लोकतंत्र और संस्थाओं को हुए नुकसान को लेकर चिंता जताई थी। साथ ही RSS, BJP और संघ परिवार की विचारधारा पर भी अपनी असहमति व्यक्त की थी।
आपातकाल के मुद्दे पर सोनिया ने स्वीकार किया कि उस दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाया गया था और बंदी प्रत्यक्षीकरण का अधिकार निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने इंदिरा गांधी के सामने मौजूद राजनीतिक परिस्थितियों और दबावों का भी उल्लेख किया।
वहीं, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और तत्कालीन UPA सरकार में उनकी तथा डॉ. मनमोहन सिंह की भूमिकाएं स्पष्ट रूप से अलग थीं। मनमोहन सिंह सरकार का नेतृत्व कर रहे थे और वह पार्टी का नेतृत्व संभाल रही थीं।
एक दशक से अधिक समय पहले शुरू किया था लिखना
सोनिया गांधी ने किताब लिखने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि पहली बार उन्होंने एक दशक से भी पहले लिखना शुरू किया था, लेकिन गंभीरता से इस पर काम करीब पांच साल पहले शुरू हुआ।
यह काम लगातार नहीं चल पाया। कई बार विचार और शब्द आसानी से आते थे, जबकि कुछ समय ऐसा भी रहा जब उनके लिए लिखना मुश्किल हो जाता था।
उन्होंने स्वीकार किया कि लंबे समय तक अपने जीवन के बारे में खुलकर लिखना उनके लिए आसान नहीं था। लेकिन एक समय ऐसा आया जब उन्हें लगा कि अब अपनी कहानी दूसरों के बजाय उन्हें खुद बतानी चाहिए।
इस किताब के जरिए सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, प्रेम, परिवार, राजनीतिक फैसलों और भारत के साथ अपने रिश्ते को अपने नजरिए से सामने रखा है।
Akhil Mahajan