हाई अलर्ट : सांबा, राजौरी और पुंछ में दिखे संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन, LoC घुसपैठ की आशंका
जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ में संदिग्ध ड्रोन गतिविधि से हाई अलर्ट। LoC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज किया।
• जम्मू-कश्मीर में सांबा, राजौरी और पुंछ में ड्रोन मूवमेंट से हाई अलर्ट
• अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए
• सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज किया, इलाके में चौकसी बढ़ी
जम्मू-कश्मीर में रविवार शाम उस समय सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं, जब सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी गई। ड्रोन की मौजूदगी की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, ड्रोन की यह गतिविधि सीमा पार से होने की आशंका जताई जा रही है। ड्रोन को सीमावर्ती इलाकों में उड़ते हुए देखा गया, जिसके बाद सेना, बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस को सतर्क कर दिया गया।
ड्रोन मूवमेंट की सूचना मिलते ही संबंधित इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। सुरक्षा बल यह जांच कर रहे हैं कि ड्रोन के जरिए किसी संदिग्ध सामग्री या हथियारों की खेप तो नहीं गिराई गई।
घटना के बाद सीमावर्ती गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन की संख्या, उड़ान की दिशा और संभावित उद्देश्य को लेकर जांच में जुटी हुई हैं।
फिलहाल किसी भी तरह के नुकसान या संदिग्ध सामग्री बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में अलर्ट मोड जारी है।
Akhil Mahajan