हरियाणा पुलिस भर्ती में राहत, 3 जून से फिर होगी बायोमीट्रिक प्रक्रिया,वंचित अभ्यर्थियों को आखिरी मौका
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने PMT के दौरान बायोमीट्रिक से वंचित अभ्यर्थियों को 3 से 5 जून तक पंचकूला में सत्यापन कराने का अंतिम मौका दिया है।
PMT में बायोमीट्रिक से वंचित अभ्यर्थियों को मिला आखिरी मौका
3 से 5 जून तक पंचकूला में होगी बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन
हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए HSSC का बड़ा फैसला
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में शामिल उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है, जो पहले शारीरिक माप परीक्षण (PMT) के दौरान बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं करा पाए थे। आयोग ने ऐसे उम्मीदवारों को अंतिम अवसर देने की घोषणा की है।
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि जिन अभ्यर्थियों का CET ग्रुप-सी परीक्षा के दौरान किसी कारणवश बायोमीट्रिक नहीं हो पाया था, वे अब 3 जून से 5 जून तक अपना बायोमीट्रिक सत्यापन करा सकेंगे।
बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया ताऊ देवीलाल स्टेडियम, पंचकूला में आयोजित की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर होगा। इसके बाद किसी प्रकार की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
वहीं हरियाणा पुलिस कांस्टेबल (पुरुष) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) पुरुष कांस्टेबल भर्ती के लिए पीएमटी का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है। आयोग के अनुसार 2 मई से 9 मई के बीच अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को भी एक और मौका दिया गया है।
ऐसे उम्मीदवारों को मंगलवार को पीएमटी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। आयोग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर देना है ताकि किसी योग्य उम्मीदवार को तकनीकी कारणों से नुकसान न उठाना पड़े।
आयोग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। साथ ही उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखें।
pooja