पार्किंग विवाद में चाकूबाजी,पूर्व डिप्टी मेयर के साले पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
हिसार के प्रताप नगर में पार्किंग विवाद में पूर्व डिप्टी मेयर भीम महाजन के साले मोहित हिंदुजा पर चाकू से हमला हुआ। आरोपी गिरफ्तार, छह धाराओं में FIR दर्ज।
पूर्व डिप्टी मेयर के साले को चाकू घोंपने वाला आरोपी गिरफ्तार
➤ हिसार पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी
➤ घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट पर 6 धाराओं में FIR दर्ज
हिसार शहर के प्रताप नगर में पार्किंग विवाद के दौरान पूर्व डिप्टी मेयर भीम महाजन के साले मोहित हिंदुजा के पेट में चाकू घोंपने के मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी जगदीप उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया था। अब घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में छह धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को आज हिसार कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अदालत से आरोपी का रिमांड मांगेगी, ताकि वारदात के संबंध में उससे गहराई से पूछताछ की जा सके। साथ ही पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और मामले से जुड़े दूसरे तथ्यों की भी जांच करेगी।
पुलिस ने मामले में धारा 109(1), 115, 118(1), 126, 296, 351(3) BNS के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, चाकू लगने से घायल हुए मोहित हिंदुजा का हिसार के सीएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगवाने के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, जगदीप उर्फ जीतू ने अपने घर पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगवाई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली को घर तक ले जाने के लिए रास्ता खाली करवाना था। इसी सिलसिले में उसने मोहित हिंदुजा के घर की घंटी बजाई।
उस समय मोहित की पत्नी बाहर आईं। उन्होंने जगदीप से कहा कि वह गाड़ी की चाबी दे देती हैं और वह गाड़ी हटा लें, क्योंकि घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। आरोप है कि जगदीप ने गाड़ी हटाने से मना कर दिया और कहा कि गाड़ी मोहित खुद हटवाए।
इसके बाद मोहित की पत्नी ने फोन करके अपने पति को मौके पर बुलाया। मोहित वहां पहुंचा तो गाड़ी हटाने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।
गाड़ी हटाने के लिए चाबी लेकर घर से बाहर आया मोहित
बहस के बाद मोहित गली में खड़ी कार को हटाने के लिए घर से चाबी लेकर आया। वह गाड़ी में बैठने लगा था। इसी दौरान विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया।
आरोप है कि जगदीप उर्फ जीतू अपने घर के अंदर गया और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर बाहर आया। इसके बाद उसने मोहित के पेट के ऊपर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर तनाव फैल गया।
चाकू लगने के बाद मोहित को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसका सीएमसी अस्पताल, हिसार में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी जगदीप उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर FIR में संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
अब पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात के पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही जिस चाकू से हमला किए जाने का आरोप है, उसे बरामद करने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।
इस मामले में पुलिस ने छह धाराओं में FIR दर्ज की है। फिलहाल घायल मोहित हिंदुजा का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
Akhil Mahajan