हिसार में ज्वेलर की दुकान के अंदर गोली लगने से मौ*त
हिसार के गांधी चौक पर ज्वेलर कपिल सोनी की दुकान के अंदर गोली लगने से मौत हो गई। लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली को लेकर पुलिस हादसा, सुसाइड और साजिश सभी एंगल से जांच कर रही है।
➤हिसार में ज्वेलर कपिल सोनी की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत
➤दुकान के अंदर लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, पिता बाहर बैठे थे
➤पुलिस हादसा, सुसाइड या साजिश तीनों एंगल से जांच में जुटी
हरियाणा के हिसार जिले में मंगलवार दोपहर गांधी चौक के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ज्वेलर की दुकान के अंदर गोली चलने की सूचना मिली। गोली लगने से ज्वेलर कपिल सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान करीब 38 वर्षीय कपिल सोनी के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। गांधी चौक पर उसकी चौधरी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। रोज की तरह मंगलवार सुबह भी कपिल दुकान खोलने पहुंचा था। दोपहर करीब 1 बजे दुकान के अंदर अचानक गोली चली।
जब आसपास के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो कपिल के पेट में गोली लगी हुई थी और उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर पास में पड़ी थी। घटना के समय कपिल के पिता भगत सोनी दुकान के बाहर बैठे थे। गोली की आवाज सुनते ही बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
सूचना मिलने पर डीएसपी श्रद्धा सिंह, सिटी थाना SHO, पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुकान के अंदर से सबूत जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। फिलहाल CCTV फुटेज में कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।
डीएसपी श्रद्धा सिंह ने बताया कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि यह मामला हादसा, आत्महत्या या किसी अन्य वजह से हुई घटना भी हो सकता है। परिवार ने किसी तरह की रंजिश या मानसिक दबाव की बात नहीं कही है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
कपिल के परिवार में पिता, माता, पत्नी और दो बेटे हैं। परिवार हिसार के ऋषिनगर इलाके में रहता है। कपिल को मिलनसार और शांत स्वभाव का बताया जा रहा है।
परिवार के करीबी नारायण दास वर्मा ने कहा कि परिवार आर्थिक रूप से संपन्न है और किसी तरह की परेशानी नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि रिवॉल्वर साफ करते समय या गलती से गोली चल सकती है।
वहीं, हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग दास गर्ग ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि एक सफल व्यापारी खुद को गोली क्यों मारेगा, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने मांग की कि पुलिस हर एंगल से निष्पक्ष जांच करे, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
Akhil Mahajan