हरियाणा के होटल में " महिलाओं को फ्री वोडका, अरेबिक डांस और फिर होटल में पहुंची सरकारी टीम... आखिर हुआ क्या?"
हिसार के एक होटल में प्रस्तावित अरेबिक डांस कार्यक्रम और महिलाओं के लिए फ्री ड्रिंक ऑफर वाले पोस्टर पर विवाद खड़ा हो गया। आबकारी विभाग ने जांच कर रिपोर्ट मुख्यालय भेजी है
➤ होटल के पोस्टर में महिलाओं को फ्री ड्रिंक देने का किया गया दावा
➤ सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू होते ही आबकारी विभाग हुआ सक्रिय
➤ अधिकारियों ने होटल पहुंचकर कार्यक्रम नहीं कराने की दी हिदायत
हिसार में एक होटल के प्रस्तावित अरेबिक डांस कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर के एक होटल द्वारा जारी पोस्टर में अरेबिक डांस शो के साथ महिलाओं के लिए फ्री ड्रिंक ऑफर का दावा किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। मामला बढ़ने पर आबकारी विभाग भी हरकत में आ गया और अधिकारियों ने होटल पहुंचकर कार्यक्रम को लेकर जांच की।
जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम शहर के एक होटल में आयोजित किया जाना था। पोस्टर में दावा किया गया था कि हिसार में पहली बार इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। साथ ही शाम 7 बजे से 9 बजे तक महिलाओं के लिए फ्री ड्रिंक ऑफर और व्हाइट ड्रेस कोड का भी उल्लेख किया गया था।
कार्यक्रम के प्रचार के लिए होटल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। पोस्टर में एक युवती की तस्वीर लगाकर कार्यक्रम की ब्रांडिंग की गई। पोस्टर वायरल होते ही लोगों ने सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।
होटल संचालक एवं पूर्व बार प्रधान मोहित अरोड़ा का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम पहले भी आयोजित किए जाते रहे हैं और यह कोई नई बात नहीं है। हालांकि पोस्टर सामने आने के बाद विवाद बढ़ता चला गया।
मामले की जानकारी मिलने पर आबकारी विभाग की टीम होटल पहुंची और कार्यक्रम से संबंधित जानकारी जुटाई। विभाग के अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों के विरुद्ध किसी प्रकार की गतिविधि नहीं होनी चाहिए।
डीईटीसी एक्साइज अजय सिहाग ने बताया कि मामले की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी गई है। मुख्यालय से दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी होटल या बार शराब से संबंधित प्रचार-प्रसार नहीं कर सकता। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
उधर, सोशल मीडिया पर कार्यक्रम को लेकर लोगों ने व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी कीं। कई यूजर्स ने इसे लेकर सवाल उठाए, जबकि कुछ लोगों ने इसे सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों से जोड़कर अपनी प्रतिक्रिया दी। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की नजर इस पर बनी हुई है
Akhil Mahajan