हिमाचल के 51 नगर निकायों में 17 मई को मतदान, तारीखों का ऐलान
हिमाचल प्रदेश में 51 नगर निकायों के चुनाव 17 मई को होंगे। आचार संहिता लागू हो गई है और 3.6 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे।
■ हिमाचल के 51 नगर निकायों में 17 मई को मतदान, तारीखों का ऐलान
■ आचार संहिता लागू, 3.6 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे वोटिंग
■ नामांकन 29 अप्रैल से शुरू, नगर निगम की काउंटिंग 31 मई को
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों की तारीखों का औपचारिक ऐलान कर दिया गया है। राजधानी शिमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। घोषणा के मुताबिक, प्रदेश के 51 नगर निकायों में 17 मई को मतदान कराया जाएगा। इनमें सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर के नगर निगम भी शामिल हैं।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में आचार संहिता लागू कर दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवारों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं और मतदाताओं के बीच पहुंच बनाने के लिए सक्रिय हो गए हैं। यह चुनाव शहरी विकास और स्थानीय नेतृत्व तय करने के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।
3.6 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार चुनाव में 1,80,963 पुरुष और 1,79,882 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी। इस तरह कुल 3.6 लाख से अधिक मतदाता इन चुनावों में हिस्सा लेंगे।
नामांकन से लेकर मतदान तक पूरा शेड्यूल
चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है—
- नामांकन: 29 और 30 अप्रैल, साथ ही 2 मई (दोपहर 3 बजे तक)
- जांच (Scrutiny): 4 मई, सुबह 10 बजे से
- नाम वापसी: 6 मई, सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक
- चुनाव चिन्ह आवंटन: 6 मई को ही
- मतदान: 17 मई, सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक
काउंटिंग का अलग शेड्यूल, निगमों के नतीजे बाद में
नगर पंचायत और नगर परिषदों के लिए मतगणना 17 मई को ही कर दी जाएगी। वहीं, चारों नगर निगम—सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर—के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।आयोग ने संकेत दिए हैं कि पंचायत चुनावों की घोषणा करीब एक सप्ताह बाद की जा सकती है। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में चुनावी माहौल और गरमाने वाला है।
pooja