क्रिसमस से पहले हिमाचल के पहाड़ों में बर्फबारी, साथ में न्‍यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारी ,जानें अहम बातें

क्रिसमस से पहले हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। मनाली में न्यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारियां तेज हैं। पर्यटकों की भीड़ के बीच सुरक्षा और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

क्रिसमस से पहले हिमाचल के पहाड़ों में  बर्फबारी,  साथ में न्‍यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारी ,जानें अहम बातें
  • क्रिसमस से पहले हिमाचल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी

  • मनाली में न्यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारियां तेज

पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक अलर्ट



क्रिसमस से पहले हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे के दौरान किन्नौर और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है। शिंकुला दर्रा, रोहतांग पास, अटल टनल और कोकसर में फ्रेश स्नोफॉल से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।

रोहतांग पास में फ्रेश स्नोफॉल और बर्फ देखने उमड़े पर्यटक।

बर्फबारी के बाद कुल्लू-मनाली और लाहौल स्पीति में पर्यटकों की आमद तेजी से बढ़ी है। रोहतांग, शिंकुला दर्रा और अटल टनल में सैलानी बर्फ के बीच मौज मस्ती करते नजर आ रहे हैं। मनाली के मॉल रोड पर देर शाम तक रौनक बनी हुई है।

रोहतांग पास में फ्रेश स्नोफॉल।

हिमाचल की पर्यटन नगरी मनाली में क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पर्यटकों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिन के समय मॉल रोड पर कुल्लवी नाटी होगी, जबकि शाम को लाइव म्यूजिक और डीजे पार्टी का आयोजन किया जाएगा।

यह आयोजन क्रिसमस ईव से लेकर 24 जनवरी तक चलेंगे। 20 से 24 जनवरी तक मनाली विंटर कार्निवल का आयोजन प्रस्तावित है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते मनाली में होटल ऑक्यूपेंसी 60 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई है।

अटल टनल रोहतांग में ताजा हिमपात।

प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा के अनुसार, विंटर कार्निवाल के समापन तक विशेष व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। मनाली शहर, हिडिंबा मंदिर, ओल्ड मनाली, मनाली पुल और अटल टनल रोहतांग सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

क्रिसमस और नववर्ष पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पार्किंग स्थल चिन्हित कर दिए गए हैं और शहर के लिए ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है।

बर्फबारी के कारण ऊंचे क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.4 डिग्री और ताबो में 4.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ इलाकों में बर्फीली हवाओं से ठंड और बढ़ गई है।

वहीं मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है। बिलासपुर, ऊना और मंडी में सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले छह दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है।

क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए सजाया जा रहा मनाली का मॉल रोड।

क्या करें



बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े, दस्ताने और जूते साथ रखें।
प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान और दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़ा करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संयम बरतें।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करते समय स्थानीय प्रशासन की सलाह मानें।

क्या न करें



बर्फबारी या कोहरे के दौरान तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं।
रोहतांग, अटल टनल और अन्य ऊंचे इलाकों में बिना अनुमति या जानकारी के आगे न बढ़ें।
नशे की हालत में वाहन चलाने या सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने से बचें।
प्राकृतिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाएं।
भीड़ वाले इलाकों में अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करें।