HCS 2026 का परीक्षा पैटर्न बदला, प्रीलिम्स अब 400 अंकों का, जानें
हरियाणा सरकार ने HCS 2026 परीक्षा का पैटर्न बदल दिया है। अब प्रीलिम्स 400 अंकों का होगा और मेंस परीक्षा में 6 पेपर होंगे। उम्मीदवारों को नए सिलेबस के अनुसार तैयारी करनी होगी।
• HCS 2026 का परीक्षा पैटर्न बदला, प्रीलिम्स अब 400 अंकों का
• मेंस परीक्षा में 6 पेपर, सामान्य अध्ययन के 4 अनिवार्य
• नए सिलेबस के अनुसार तैयारी जरूरी, पुराने पैटर्न से पूरी तरह बदलाव
हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा HCS 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह खबर बेहद अहम है। हरियाणा सरकार ने परीक्षा के पैटर्न और सिलेबस में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब उम्मीदवारों को पुराने ढांचे को छोड़कर नए पैटर्न के अनुसार ही रणनीति बनानी होगी।
हरियाणा के सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग (Haryana DPR) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से यह जानकारी साझा की है। इसके अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा अब 400 अंकों की होगी, जिसमें दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र शामिल रहेंगे।
वहीं, मुख्य परीक्षा (Mains) में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब मेंस परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन के 4 पेपर शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही कुछ वर्णात्मक प्रश्नपत्र भी रखे गए हैं। प्रत्येक प्रश्नपत्र की अवधि 3 घंटे और अंक 100 निर्धारित किए गए हैं।
सरकार का मानना है कि यह बदलाव परीक्षा को अधिक विश्लेषणात्मक और प्रशासनिक दक्षता आधारित बनाएगा। ऐसे में HCS की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब नई परीक्षा संरचना को ध्यान में रखते हुए सिलेबस, नोट्स और मॉक टेस्ट तैयार करने होंगे।
पुराने पैटर्न की बात करें तो पहले प्रीलिम्स में जनरल स्टडीज और CSAT के दो पेपर होते थे, जो कुल 200 अंकों के थे। मेंस में इंग्लिश, हिंदी, जनरल स्टडीज और एक वैकल्पिक विषय शामिल था। अब इस व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया गया है।
चयन प्रक्रिया पहले की तरह तीन चरणों में ही होगी। पहले प्रारंभिक परीक्षा, फिर मुख्य परीक्षा और अंत में साक्षात्कार। प्रीलिम्स में सफल अभ्यर्थी ही मेंस और मेंस में सफल उम्मीदवार ही इंटरव्यू के लिए पात्र होंगे।
Akhil Mahajan