हरियाणा के 3 जिलों में आज बारिश का अलर्ट

हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में आज बारिश का अलर्ट जारी है। तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना के बीच मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

हरियाणा के 3 जिलों में आज बारिश का अलर्ट

हरियाणा के 3 जिलों में आज बारिश का अलर्ट

40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं

रोहतक 43.4 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा

हरियाणा में आगामी दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में 30 जून तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद कई इलाकों में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने 27 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 27 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। शनिवार सुबह नारनौल में आसमान में हल्के बादल छाए रहे और हल्की हवाएं भी चलीं।

उधर, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रोहतक 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा अंबाला में 41.6 डिग्री, हिसार में 41.3 डिग्री, करनाल में 41.2 डिग्री, भिवानी में 41 डिग्री, गुरुग्राम में 40 डिग्री और नारनौल में 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर होने वाली बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन उमस बनी रहने की संभावना है।

विभाग ने किसानों और आम लोगों को मौसम के ताजा पूर्वानुमानों पर नजर रखने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों में जाने से बचने तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।