हरियाणा में आज तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 8 जिलों में 80 KMPH तक चलेंगी हवाएं
हरियाणा में आज 8 जिलों में तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी है। तेज हवाओं और बारिश के बीच तापमान में 4.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
➤ हरियाणा के 8 जिलों में तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी
➤ पिछले दो दिनों में प्रदेश का तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा
➤ एक जून के बाद फिर बढ़ सकती है गर्मी, जून में हीटवेव की चेतावनी
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज हवाएं, बादल और बारिश देखने को मिली है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण राज्य के औसत तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार 30 मई के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में तूफान, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और यमुनानगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि हवा की रफ्तार कुछ इलाकों में बढ़कर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
वहीं पंचकूला, अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रोहतक समेत उत्तर और मध्य हरियाणा के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले दो दिनों से हो रही बारिश और धूलभरी आंधी के कारण प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। बारिश का दौर समाप्त होने के बाद एक जून से तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू हो सकती है। पूरे जून माह में कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान क्षेत्र में समय से पहले पहुंच गया था, लेकिन केरल तट पर इसकी रफ्तार कुछ धीमी हुई है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए हरियाणा में 22 से 25 जून के बीच प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने का अनुमान है। इससे प्रदेश में गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना बनेगी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा में सामान्य तौर पर मानसून एक जुलाई के बाद प्रवेश करता है। हालांकि इस बार मानसून की गति को देखते हुए इसके लगभग एक सप्ताह देरी से पहुंचने की संभावना भी बनी हुई है।
प्रदेश में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य का औसत अधिकतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान सिरसा में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबाला में 36.0 डिग्री, हिसार में 37.7 डिग्री, करनाल में 35.4 डिग्री और रोहतक में 34.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गिरावट चरखी दादरी में देखने को मिली, जहां एक दिन में तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 2.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। इसके अलावा भिवानी में 21 डिग्री, जबकि हिसार और अंबाला में 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है।
Akhil Mahajan