हरियाणा स्टेट क्राइम ब्रांच में बड़ा फेरबदल, नई जिम्मेदारियां तय, जानें
हरियाणा स्टेट क्राइम ब्रांच में अधिकारियों की जिम्मेदारियों का बड़ा फेरबदल किया गया है। ADGP के आदेश के तहत नई यूनिट्स और लिंक ऑफिसर सिस्टम लागू किया गया है।
➤ हरियाणा स्टेट क्राइम ब्रांच में बड़े स्तर पर फेरबदल
➤ ADGP संजय कुमार ने अधिकारियों को सौंपी नई जिम्मेदारियां
➤ कामकाज को प्रभावी बनाने के लिए लिंक ऑफिसर सिस्टम लागू
हरियाणा पुलिस की स्टेट क्राइम ब्रांच (SCB) में कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) संजय कुमार द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के तहत IPS और HPS स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए उन्हें अलग-अलग यूनिट्स और नोडल भूमिकाएं सौंपी गई हैं। इस कदम का उद्देश्य जांच प्रक्रिया को तेज करना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाना है।
आदेश के अनुसार, आईजीपी राकेश कुमार आर्य को गुरुग्राम और रोहतक की SCB यूनिट्स के साथ-साथ स्थापना और कल्याण मामलों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डीआईजी हामिद अख्तर को पंचकूला मुख्यालय के साथ हिसार, मधुबन और अंबाला यूनिट्स की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा उन्हें इंटरपोल संपर्क अधिकारी, मानव तस्करी (AHTU) के नोडल अधिकारी और ड्रग्स से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी भी दी गई है।
इसी क्रम में डीआईजी वीरेंद्र विज को फरीदाबाद, पलवल और नूंह जैसी महत्वपूर्ण यूनिट्स की निगरानी का दायित्व दिया गया है। वहीं एसपी सुनील कुमार को मधुबन, हिसार, जींद, सिरसा और फतेहाबाद यूनिट्स का सुपरविजन सौंपा गया है।
एसपी राजेश कुमार को गुरुग्राम यूनिट के साथ फेक करेंसी (FICN) और CBI-इंटरपोल समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि एसपी पूजा डाबला को पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर यूनिट्स के साथ-साथ आंतरिक महिला शिकायत समिति का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त अमित दहिया (HPS) को रोहतक, झज्जर और दादरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अनुभवी अधिकारियों राजिंदर सिंह गंजियाल, ब्रिगेडियर संदीप सिंह कश्यप और रवि गंभीर को सलाहकार के रूप में विभिन्न यूनिट्स में मार्गदर्शन और डॉग स्क्वायड की जिम्मेदारी दी गई है।
इस फेरबदल में लिंक ऑफिसर सिस्टम को भी लागू किया गया है, जिससे किसी अधिकारी के अवकाश या अन्य ड्यूटी पर होने की स्थिति में दूसरा अधिकारी तुरंत कार्यभार संभाल सके और कामकाज प्रभावित न हो।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इसकी प्रतियां राज्य के सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं।
Akhil Mahajan