हरियाणा में बारिश का कहर,फतेहाबाद में बिजली से महिला की मौ*त, 17 जिलों में अलर्ट
हरियाणा में तेज बारिश और हवाओं से फतेहाबाद में बिजली गिरने से महिला की मौत, हिसार में जलभराव, जींद में पेड़ गिरा, 17 जिलों में बारिश का अलर्ट
फतेहाबाद में बिजली गिरने से छत ढही, 58 वर्षीय महिला की मौत
➤ हिसार के श्मशान में जलभराव, जींद में SBI गेट पर पेड़ गिरा
➤ 17 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, बिजली डिमांड 11,500 MW तक पहुंची
हरियाणा में बुधवार देर रात और गुरुवार तड़के मौसम ने अचानक करवट ली। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। फतेहाबाद के गांव खजूरी जाटी में बारिश के दौरान एक मकान पर बिजली गिरने से कमरे की छत ढह गई। मलबे में दबने से 58 वर्षीय बुजुर्ग महिला नन्हीं देवी की मौत हो गई। वहीं जींद में तेज हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं।
जींद में भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री के मकान के सामने पानी भर गया। तेज हवा के कारण वहां लगाए गए बैरिकेड्स भी गिर गए। इसके अलावा SBI की मेन ब्रांच के गेट पर एक पेड़ उखड़कर गिर गया। पेड़ गिरने से बैंक का गेट पूरी तरह बाधित हो गया और सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारी भी अंदर नहीं जा सके।
उधर, हिसार में बारिश के बाद श्मशान घर में जलभराव हो गया। यहां शव लेकर पहुंचे मोक्ष वाहन को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। रात में हुई बारिश के बाद हिसार में मौसम सुहावना हो गया, हालांकि कई जगहों पर बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी रही।
17 जिलों में तेज बारिश का अनुमान
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU) ने गुरुवार को प्रदेश के 17 जिलों में तेज बारिश का अनुमान जताया है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल शामिल हैं।
मौसम में बदलाव से प्रदेश के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे पहले बुधवार रात तक उमस के कारण हरियाणा में बिजली की मांग करीब 11,500 MW तक पहुंच गई थी। मांग बढ़ने के बाद कई जिलों में दो से तीन घंटे के बिजली कट लगाने पड़े। अब बारिश और मौसम में बदलाव से बिजली की मांग में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
बारिश से एक दिन पहले बालसमंद सबसे गर्म रहा
बारिश से ठीक एक दिन पहले हरियाणा के औसतन अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हिसार का बालसमंद इलाका 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
इसके अलावा चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और पलवल में भी दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। लगातार उमस और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को दिनभर गर्मी का सामना करना पड़ा।
वहीं रात के न्यूनतम तापमान में भी औसतन 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि पंचकूला 21.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि गुरुग्राम में रात का तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मानसून में बारिश का पैटर्न असमान, 11 जिलों में सामान्य से कम बारिश
हरियाणा में इस मानसून सीजन यानी 1 जून से 15 सितंबर के दौरान बारिश का पैटर्न मिला-जुला और असमान रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। जींद और सिरसा में बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है।
इस मानसून सीजन में पलवल जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यहां सामान्य से 21% अधिक यानी 473.4 मिमी बारिश हो चुकी है। इसके विपरीत जींद में सबसे कम बारिश हुई, जहां सामान्य से 60% कम यानी केवल 145.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
राज्य में बारिश की कमी के मामले में सिरसा दूसरे नंबर पर सबसे सूखा जिला रहा। यहां सामान्य से 58% कम यानी महज 88.1 मिमी बारिश हुई है।
इसके अलावा कैथल में 48%, रोहतक में 48%, कुरुक्षेत्र में 41%, करनाल में 41%, अंबाला में 40%, हिसार में 37%, पानीपत में 36% और सोनीपत में 31% बारिश कम दर्ज की गई।
इस तरह एक तरफ प्रदेश के कई जिलों में मानसून की कमी बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर गुरुवार को 17 जिलों में तेज बारिश का अनुमान लगाया गया है। बुधवार रात से बदले मौसम ने गर्मी और उमस से राहत जरूर दी है, लेकिन फतेहाबाद में बिजली गिरने से हुई मौत और जींद-हिसार में जलभराव व पेड़ गिरने की घटनाओं ने बारिश के साथ सामने आने वाली परेशानियों को भी उजागर किया है।
Akhil Mahajan