हरियाणा के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट,अगले 2 दिन पीक पर रहेगा मानसून
हरियाणा के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा और फरीदाबाद में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। अगले दो दिन मानसून अपने चरम पर रहेगा।
हरियाणा के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
■ सिरसा-फरीदाबाद समेत कई शहरों में जलभराव
■ अगले 2 दिन मानसून रहेगा पीक पर
हिसार। हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार रात से शुरू हुई बारिश का दौर मंगलवार सुबह भी जारी रहा। फरीदाबाद, गुरुग्राम, पानीपत, सिरसा, हिसार और रेवाड़ी समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि फतेहाबाद, सोनीपत और यमुनानगर में भी अच्छी बरसात हुई।
बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन कई शहरों में जलभराव की समस्या भी सामने आई है। सिरसा और फरीदाबाद में सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार सुबह जारी अलर्ट में अगले कुछ घंटों के दौरान यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कैथल, जींद, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, भिवानी और सिरसा में तेज बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 जुलाई को मानसून अपने चरम पर रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। 24 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
दो मौसम प्रणालियों से बढ़ा बारिश का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय मानसूनी ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है। इसके साथ ही पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी पहुंच रही है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में अगले 48 से 72 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
- कैथल (कौल) – 39.5 मिमी
- करनाल – 27.2 मिमी
- रोहतक – 22.8 मिमी
- चरखी दादरी – 20.5 मिमी
- भिवानी – 10.0 मिमी
इसके अलावा जींद, पलवल, नूंह और सोनीपत में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
तापमान में आई गिरावट
लगातार बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
- सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37.9°C दर्ज किया गया।
- हिसार में 35.4°C और नारनौल में 35°C तापमान रहा।
- न्यूनतम तापमान सबसे कम भिवानी में 24°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों, जलभराव वाले क्षेत्रों और बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।
pooja