हरियाणा में 11 जून से बारिश, आंधी और तापमान में गिरावट की संभावना, 13 जिलों में लू का अलर्ट, 45.9 डिग्री पर पहुंचा तापमान
हरियाणा के 13 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। रोहतक में तापमान 45.9 डिग्री पहुंच गया। 11 जून से बारिश, आंधी और तापमान में गिरावट की संभावना है।
हरियाणा के 13 जिलों में आज लू का अलर्ट जारी
रोहतक 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा
11 जून से बारिश, आंधी और तापमान में गिरावट की संभावना
हरियाणा में मंगलवार शाम को कई जिलों में हुई आंधी और बारिश के बावजूद भीषण गर्मी का असर बरकरार है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के चंडीगढ़ केंद्र ने बुधवार को प्रदेश के 13 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मंगलवार शाम को कई जिलों में हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान रोहतक में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार और सिरसा में 44.8 डिग्री, अंबाला में 43.6 डिग्री, करनाल में 43.4 डिग्री, नूंह में 43.2 डिग्री तथा गुरुग्राम और रोहतक एडब्ल्यूएस केंद्र पर 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया
दक्षिणी हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में भी गर्मी का असर बना रहा। नारनौल में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ में 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि महेंद्रगढ़ में 19 मिलीमीटर और भिवानी में 6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड होने से कुछ इलाकों में गर्मी से हल्की राहत मिली।
मौसम विभाग ने बुधवार को जिन 13 जिलों में लू चलने की संभावना जताई है, उनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। विभाग के अनुसार इन जिलों में दोपहर के समय तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद मौसम करवट लेगा और अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
विभाग के अनुसार 11 जून से मौसम में बदलाव शुरू होगा। 11 और 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 13 और 14 जून को भी कुछ क्षेत्रों में छिटपुट वर्षा गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि, गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 13 और 14 जून को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
pooja