हरियाणा में विभागीय परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, 27 अप्रैल से शुरू

हरियाणा सरकार ने सहायक आयुक्त और तहसीलदार की विभागीय परीक्षाओं की तारीख घोषित की। परीक्षाएं 27 अप्रैल से 1 मई तक होंगी, आवेदन की अंतिम तिथि 16 अप्रैल है।

हरियाणा में विभागीय परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, 27 अप्रैल से शुरू

हरियाणा सरकार ने विभागीय परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान
27 अप्रैल से 1 मई 2026 तक होंगी परीक्षाएं
16 अप्रैल तक करना होगा आवेदन


हरियाणा सरकार ने सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त और तहसीलदार पदों के लिए होने वाली विभागीय परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ये परीक्षाएं 27 अप्रैल से 1 मई 2026 तक आयोजित की जाएंगी

इन परीक्षाओं का आयोजन राजकीय एकीकृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-12, पंचकूला में किया जाएगा। जारी शेड्यूल के अनुसार, 27 अप्रैल को सुबह के सत्र में क्रिमिनल लॉ (प्रथम पेपर) और शाम के सत्र में सिविल लॉ की परीक्षा होगी।

इसके बाद 28 अप्रैल को सुबह क्रिमिनल लॉ (द्वितीय पेपर) और शाम को फाइनेंशियल रूल्स की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 29 अप्रैल को सुबह क्रिमिनल लॉ (तृतीय पेपर) की परीक्षा होगी, जिसमें सहायक आयुक्त और अतिरिक्त सहायक आयुक्त के लिए जेल से संबंधित विषय शामिल होंगे, जबकि तहसीलदारों के लिए पाठ्यक्रम अलग रहेगा।

इसी दिन शाम के सत्र में रेवेन्यू लॉ (प्रथम पेपर) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 30 अप्रैल को सुबह लोकल फंड्स और शाम को रेवेन्यू लॉ (द्वितीय पेपर) की परीक्षा होगी।

परीक्षाओं का समापन 1 मई 2026 को होगा, जिसमें सहायक आयुक्त और अतिरिक्त सहायक आयुक्त के लिए हिंदी भाषा तथा तहसीलदारों के लिए पटवारी, म्युटेशन और उर्दू विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को अपने संबंधित विभागाध्यक्ष या प्रशासनिक सचिव के माध्यम से 16 अप्रैल 2026 तक आवेदन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय परीक्षा समिति द्वारा सीधे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे

सरकार ने सभी पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों और तिथियों के अनुसार आवेदन करने और समय पर परीक्षा की तैयारी करने की सलाह दी है।