हांसी में CM के विरोध को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस में टकराव, लाठीचार्ज के बाद पथराव , SP-DSP समेत 4 घायल

हांसी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने जा रहे ग्रामीणों और पुलिस में टकराव हो गया। लाठीचार्ज के बाद पथराव में किसान और SP-DSP समेत कई लोग घायल हुए। जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तनाव बढ़ा।

हांसी में CM के विरोध को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस में टकराव, लाठीचार्ज के बाद पथराव , SP-DSP समेत 4 घायल

हांसी में CM के विरोध को लेकर ग्रामीणों-पुलिस में टकराव, लाठीचार्ज के बाद पथराव
पथराव में किसान का सिर फूटा, SP-DSP समेत चार पुलिसकर्मी घायल
जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, हांसी शहर सील

हिसार/हांसी। हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर ग्रामीणों और किसान संगठनों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर नजर आया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हांसी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने जा रहे ग्रामीणों को पुलिस ने सिसाय पुल के पास रोक लिया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया।

ग्रामीणों पर लाठीचार्ज करती पुलिस।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे। ग्रामीणों के आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों की ओर से पुलिस टीम पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है।

पथराव में एक किसान के सिर में चोट लगी। इसके अलावा कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं हांसी SP विनोद कुमार और DSP समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।

ग्रमणीणों पर लाठीचार्ज करती पुलिस।

महिलाओं ने दुकानों में छिपकर बचाई जान

लाठीचार्ज और पथराव के बीच मौके पर मौजूद महिलाओं में भी अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि महिलाएं खुद को बचाने के लिए आसपास की दुकानों में जाकर छिप गईं। कुछ देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हांसी शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। शहर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया और कई लिंक रास्तों को भी बंद कर दिया गया।

सीएम का विरोध करने जा रही महिलाओं को रोकते पुलिसकर्मी।

हर एंट्री पॉइंट पर पुलिस की तैनाती

हांसी में तनाव के बाद पुलिस ने शहर के कई प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी कर दी। हांसी SP विनोद कुमार खुद पुलिस टीमों के साथ सड़कों पर उतरे और अलग-अलग नाकों का जायजा लिया।

पुलिस की ओर से शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन की प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रण में रखना और किसी भी तरह की दोबारा झड़प को रोकना है।

पुलिस ने हांसी शहर के हर एंट्री पॉइंट का ब्लॉक कर दिया है।

जीवन कुंडू हत्याकांड से जुड़ा है विरोध

ग्रामीणों और किसान संगठनों का यह विरोध डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर है। जीवन कुंडू की 4 अगस्त को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में पुलिस अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को पुलिस ने दो और आरोपियों विवेक और सुमित उर्फ सूती खान को गिरफ्तार किया।

इससे पहले भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

हांसी पुलिस की ओर से लिंक रास्तों को बंद कर दिया गया है।

मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अभी फरार

पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। ग्रामीण इसी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

इसी मुद्दे को लेकर किसान संगठनों और धरना कमेटी ने मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के विरोध का ऐलान किया था। प्रदर्शनकारी कार्यक्रम स्थल की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

एक दिन पहले टोल प्लाजा भी कराया था बंद

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने इससे एक दिन पहले तीन घंटे तक टोल प्लाजा बंद रखा था। इसके बाद शनिवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के विरोध को लेकर तनाव और बढ़ गया।

फिलहाल हांसी में पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए टकराव के बाद स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।