गुरुग्राम में ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत
गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों जयपुर जाने के लिए टिकट लेने ट्रैक पार कर रही थीं।
■ गुरुग्राम में ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत
■ जयपुर जाने के लिए टिकट लेने ट्रैक पार कर रही थीं दोनों
■ GRP ने ट्रैक से बॉडी पार्ट्स और मोबाइल बरामद किया
हरियाणा के गुरुग्राम में दर्दनाक रेल हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों रेलवे ट्रैक पार कर टिकट लेने जा रही थीं, तभी दो ट्रेनों के बीच फंस गईं और तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
यह हादसा गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के पास हुआ। मृतकों की पहचान ममता (40) और उसकी मां मधुबाला (65) के रूप में हुई है। दोनों अलियार ढाणा गांव की रहने वाली थीं और परिवार के साथ रिश्तेदारी में जयपुर जाने के लिए निकली थीं।
परिजनों के अनुसार, ममता और मधुबाला स्टेशन पर टिकट लेने के लिए लोकल रास्ते से रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। परिवार के अन्य सदस्य उनसे कुछ दूरी पर चल रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक पर बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिला सुपरफास्ट ट्रेन आ रही थी, जबकि दूसरे ट्रैक पर रेवाड़ी की ओर से दूसरी ट्रेन पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दूसरी ट्रेन को देखकर मां-बेटी पहले ट्रैक पर ही रुक गईं। तभी तेज रफ्तार सुपरफास्ट ट्रेन उनकी तरफ आ गई और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
परिजनों का कहना है कि ट्रेन की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और दोनों करीब 200 मीटर तक घसीटती चली गईं। हादसे के बाद ट्रैक पर शवों के कई टुकड़े बिखर गए। एक ट्रैक पर महिला का कटा हुआ हाथ और मोबाइल फोन भी मिला।
सूचना मिलने के बाद GRP थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक से बॉडी पार्ट्स इकट्ठा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक महिला का शव लगभग सही हालत में मिला, जबकि दूसरी की बॉडी के कई हिस्से हो गए थे।
इन्वेस्टिगेटिव ऑफिसर बाबूलाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आईं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
pooja