'साहब' गए वॉशरूम, और पीछे से 'चोर' पिता-पुत्र पुलिस की ही सरकारी गाड़ी लेकर फुर्र!

पेट्रोल पंप पर गुरुग्राम पुलिस को चकमा देकर भागे पिता-पुत्र, सरकारी गाड़ी भी ले गए

'साहब' गए वॉशरूम, और पीछे से 'चोर' पिता-पुत्र पुलिस की ही सरकारी गाड़ी लेकर फुर्र!

गुरुग्राम पुलिस की कस्टडी से पिता-पुत्र पेट्रोल पंप से फरार हुए
पुलिस की सरकारी गाड़ी लेकर भागे आरोपी, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
नाकेबंदी के दबाव में जंगल में गाड़ी छोड़कर फरार हुए दोनों आरोपी


आपने फिल्मों में पुलिस और चोर की लुकाछिपी बहुत देखी होगी, लेकिन क्या हो जब मुजरिम, पुलिस की ही गाड़ी चुराकर भाग जाए? जी हां, यह किसी कॉमेडी फिल्म का सीन नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के मंदसौर में हुआ एक सच्चा और पुलिस महकमे की भारी किरकिरी कराने वाला वाकया है!

 हुआ यूं कि हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस धोखाधड़ी के एक मामले में मध्य प्रदेश के धार (पीथमपुर) पहुंची थी।  मंदसौर जिले के गरोठ में एक पेट्रोल पंप देखकर पुलिस टीम ने सोचा कि थोड़ा सुस्ता लें, गाड़ी का टैंक फुल करा लें और वॉशरूम हो आएं। बस, यही अति-आत्मविश्वास भारी पड़ गया!

जैसे ही पुलिस वाले गाड़ी से नीचे उतरे, पीछे बैठे शातिर बाप-बेटे ने 'मौके पर चौका' मार दिया। एक झटके में आरोपी ड्राइविंग सीट पर आया, गियर डाला और पुलिस की ही सरकारी गाड़ी का स्टीयरिंग घुमाकर रफूचक्कर हो गया! इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सफेद कार में पेट्रोल भरवाने के लिए हरियाणा पुलिस रुकी थी।

जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी और उसके पिता को हिरासत में लिया था। बुधवार शाम को लौटते समय पुलिस टीम मंदसौर जिले के गरोठ चौकड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाने के लिए रुकी। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी वाहन से उतरकर पेट्रोल भरवाने और वॉशरूम की तरफ चले गए। पीछे बैठे आरोपियों ने इसी चूक का फायदा उठाया। एक आरोपी तुरंत ड्राइविंग सीट पर आ बैठा और कुछ ही सेकेंड में पुलिस की गाड़ी स्टार्ट कर वहां से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी अपनी ही गाड़ी को पकड़ने के लिए इधर-उधर दौड़ लगा रहे हैं। आरोपियों का पीछा करने के लिए पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद एक अन्य कार को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, पेट्रोल का भुगतान बाकी होने के कारण पंप कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। बाद में पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान स्पष्ट की और तुरंत आरोपियों के पीछे रवाना हुए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गरोठ थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में चारों ओर सघन नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस के बढ़ते दबाव और संभावित मार्गों पर कड़ी निगरानी के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सके। उन्होंने जंगल के पास पुलिस की सरकारी गाड़ी को लावारिस हालत में छोड़ दिया और वहां से पैदल ही फरार हो गए। फिलहाल, स्थानीय पुलिस और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही इस मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।