गुरुग्राम में NH-48 परआखिर कैसे आग के गोले में बदल गई कार?जाने
गुरुग्राम में NH-48 पर तेज रफ्तार कार हादसे के बाद आग का गोला बन गई। कैब ड्राइवर रितेश फोगाट ने बेहोश ड्राइवर को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
गुरुग्राम में NH-48 पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर ऑटो से टकराई
एक्सीडेंट के बाद कार में लगी आग, अंदर फंसा ड्राइवर बेहोश मिला
कैब ड्राइवर रितेश फोगाट ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू
गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे NH-48 पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ने के बाद वह डिवाइडर तोड़ते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गई और एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई।
घटना रात करीब 12:30 बजे दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली की तरफ से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर पार कर सर्विस लेन में पहुंची, जहां उसने पहले एक खड़े ऑटो को टक्कर मारी और फिर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के कुछ ही सेकेंड बाद कार आग के गोले में बदल गई।
हादसे के दौरान कार चालक अंदर ही फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक ड्राइवर सीट बेल्ट लगाए हुए था और एयरबैग भी खुल चुका था। गंभीर चोटों के कारण वह बेहोश पड़ा था और उसके शरीर से खून बह रहा था।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे चरखी दादरी निवासी टैक्सी ड्राइवर Ritesh Phogat ने जलती कार देख तुरंत अपनी गाड़ी रोकी। उन्होंने बिना देर किए कार के अंदर जाकर फंसे ड्राइवर को बाहर निकालने का फैसला किया।
रितेश फोगाट ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए जलती कार के अंदर प्रवेश किया और बेहोश ड्राइवर को खींचकर बाहर निकाला। आग लगातार बढ़ रही थी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। बाहर निकालने के बाद उन्होंने एक ऑटो रुकवाया और घायल चालक को तुरंत अस्पताल भिजवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कुछ मिनट और देरी हो जाती तो ड्राइवर की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। रितेश फोगाट की बहादुरी और सूझबूझ के कारण एक व्यक्ति की जान बच गई।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर कार के शीशे और वाहन के हिस्से बिखर गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत टीम भी मौके पर पहुंची।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण माना जा रहा है।
pooja