हरियाणा में पत्नी की ह*त्या के आरोप में पति और उसकी प्रेमिका गिरफ्तार
गुरुग्राम के मधु हत्याकांड में पुलिस ने पति और उसकी कथित प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। जांच में तीन साल पुराने प्रेम संबंध और कथित हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है।
-
- गुरुग्राम में पत्नी की हत्या के आरोप में पति और उसकी प्रेमिका गिरफ्तार
- पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच तीन साल से प्रेम संबंध थे और वे लिव-इन में रह रहे थे
- जांच में सामने आया कि पत्नी को कथित तौर पर रिश्ते की बाधा मानकर हत्या की साजिश रची गई
हरियाणा के गुरुग्राम में नवविवाहिता मधु हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतका के पति अंकित और उसकी कथित प्रेमिका रजनी को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे और वे परिवार से छिपकर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय अंकित और उससे उम्र में करीब तीन साल बड़ी रजनी की मुलाकात करीब तीन साल पहले हुई थी। अंकित मानेसर में तंबाकू की दुकान चलाता था, जबकि रजनी पास के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। रोजाना आने-जाने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उनका प्रेम संबंध शुरू हो गया।
इसी बीच परिवार ने 19 फरवरी 2026 को अंकित की शादी 22 वर्षीय मधु से करा दी। शादी के बाद अंकित का अधिक समय घर पर बीतने लगा। पुलिस के अनुसार, इस वजह से रजनी और अंकित की मुलाकातें कम होने लगीं। जांच में यह भी सामने आया कि रजनी अंकित पर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी।
-
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया है कि दोनों ने मधु को अपने रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा मानते हुए उसे रास्ते से हटाने की कथित साजिश बनाई।

-
जांच के अनुसार, 21 मई को अंकित बहाने से अपनी पत्नी मधु को मानेसर स्थित उस किराए के कमरे में ले गया, जहां रजनी रहती थी। पुलिस का आरोप है कि पहले से बनाई गई योजना के तहत वहीं मधु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कमरे के बाथरूम में छिपाकर दोनों फरार हो गए।
वारदात के बाद अंकित और उसके परिजनों ने मधु के मायके वालों को फोन कर दावा किया कि वह सोने-चांदी के जेवर लेकर किसी के साथ चली गई है। इसी आधार पर परिवार को गुमराह करने की कोशिश की गई। मधु के परिजनों ने उसी दिन मानेसर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस जांच के दौरान पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने 21 मई को मधु को अंकित के साथ स्कूटी पर जाते हुए देखा था। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया। जांच में किराए के कमरे का पता चलने पर पुलिस वहां पहुंची। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर बाथरूम से मधु का शव बरामद हुआ।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 5 जुलाई को अंकित और रजनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
pooja