हरियाणा में धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन को उमड़ी हजारों की भीड़
गुरुग्राम के सफायर मॉल में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। एपी एस्ट्रो स्टोर उद्घाटन कार्यक्रम धार्मिक आयोजन में बदल गया और सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
■ गुरुग्राम में धीरेंद्र शास्त्री के आगमन पर उमड़ा आस्था का सैलाब
■ सफायर मॉल में एपी एस्ट्रो स्टोर उद्घाटन बना भव्य धार्मिक आयोजन
■ भारी भीड़ के चलते 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात
हरियाणा के गुरुग्राम में उस समय भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला जब बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री विशेष कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। सेक्टर 83 स्थित सफायर मॉल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर से ही लोग उनके दर्शन के लिए जुटने लगे थे और रात करीब पौने नौ बजे जैसे ही वे मॉल पहुंचे, पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
मूल रूप से यह आयोजन एपी ग्रुप द्वारा शुरू किए गए धार्मिक सामान के स्टोर एपी एस्ट्रो के उद्घाटन के लिए रखा गया था, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री के आगमन ने इसे एक विशाल धार्मिक आयोजन का रूप दे दिया। पार्किंग से लेकर मॉल के मुख्य द्वार तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग फूलों की वर्षा करते हुए, जय श्रीराम के नारे लगाते हुए और भावुक होकर उनके दर्शन के लिए आतुर नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान अपने संक्षिप्त संबोधन में धीरेंद्र शास्त्री ने भक्ति, परिवार और समाज में सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति से जीवन की हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने एपी स्टोर के उद्घाटन पर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और इसे सनातन के प्रचार-प्रसार की सकारात्मक पहल बताया।
आयोजन समिति प्रभारी स्वामी मनीष ने बताया कि यह स्टोर स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े उत्पादों पर फोकस करेगा। बिजनेस डवलपमेंट प्रभारी प्रीति ने जानकारी दी कि यहां सनातन से जुड़ा धार्मिक सामान उपलब्ध कराया जाएगा और यह गुरुग्राम में अपने तरह का पहला स्टोर है।
धीरेंद्र शास्त्री, जो मध्यप्रदेश स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर हैं, अपने दिव्य दरबार और हनुमंत कथा के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं। गुरुग्राम जैसे शहरी क्षेत्र में उनका आगमन युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों में उत्साह भर गया। कई भक्तों ने बताया कि वे दूर-दूर से केवल उनके दर्शन के लिए पहुंचे हैं। एक श्रद्धालु ने कहा कि बाबा के एक दर्शन से ही मन को शांति मिलती है और आज मॉल किसी तीर्थ स्थल जैसा प्रतीत हो रहा है।
भीड़ की भारी संख्या को देखते हुए मॉल प्रशासन और स्थानीय पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने पड़े। सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए करीब 500 पुलिस जवानों को तैनात किया गया। हालांकि ट्रैफिक पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, लेकिन भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ स्थानों पर श्रद्धालुओं का उत्साह इतना बढ़ गया कि सुरक्षा कर्मियों को उन्हें संभालने में कठिनाई हुई।
धीरेंद्र शास्त्री का यह दौरा गुरुग्राम में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा। आस्था, उत्साह और सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह आयोजन शहर में एक बड़े धार्मिक कार्यक्रम के रूप में दर्ज हो गया।
Akhil Mahajan