गुरुग्राम में लग्जरी कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, ड्राइवर घायल हीरो होंडा चौक के पास बदमाशों का हमला, लग्जरी गाड़ियों को बनाया निशाना

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक के पास बिग बॉय टॉयज कार शोरूम पर बदमाशों ने देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में एक ड्राइवर घायल हुआ है और कई लग्जरी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस जांच में हिमांशु भाऊ गैंग का नाम सामने आया है।

गुरुग्राम में लग्जरी कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, ड्राइवर घायल  हीरो होंडा चौक के पास बदमाशों का हमला, लग्जरी गाड़ियों को बनाया निशाना

गुरुग्राम में देर रात लग्जरी कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग
रियल एस्टेट कारोबारी की कार को बनाया निशाना, ड्राइवर घायल
पुलिस जांच में हिमांशु भाऊ गैंग के कनेक्शन की आशंका


गुरुग्राम में शनिवार देर रात बदमाशों ने एक लग्जरी कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना हीरो होंडा चौक के पास स्थित बिग बॉय टॉयज (Big Boy Toyz) कार शोरूम के बाहर की है, जहां बाइक पर आए तीन बदमाशों ने पहले एक रियल एस्टेट कंपनी BPTP के मालिक की लग्जरी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं और इसके बाद शोरूम पर भी फायरिंग कर दी। इस दौरान कार में बैठा ड्राइवर राजपाल छर्रे लगने से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।

फायरिंग से शोरूम की छत में लगी सीलिंग में गोलियों से निशान हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और अचानक शोरूम के बाहर खड़ी कार पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि उस समय कार में कंपनी मालिक मौजूद नहीं थे, लेकिन ड्राइवर राजपाल गाड़ी में बैठा था। इसी दौरान चली एक गोली उसे छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।

कार को निशाना बनाने के बाद बदमाशों ने शोरूम की ओर भी कई गोलियां चलाईं। फायरिंग की वजह से शोरूम के एंट्रेंस के कांच के शीशे टूटकर बिखर गए। दूसरी मंजिल पर खड़ी कई महंगी लग्जरी गाड़ियों के शीशे भी चकनाचूर हो गए। वहीं शोरूम की छत में बनी सीलिंग पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है

प्रारंभिक जांच में इस फायरिंग के तार हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अक्टूबर 2024 में BPTP कंपनी के मालिक को इसी गैंग की ओर से कई करोड़ रुपए की फिरौती की धमकी दी गई थी। उस समय इस मामले में सेक्टर-37 थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। हालांकि अभी तक गैंग की ओर से इस फायरिंग की जिम्मेदारी नहीं ली गई है।

गुरुग्राम में शूटरों ने इसी कार शोरूम पर फायरिंग की।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के कुलासी गांव निवासी अतुल, दीपक और नीरज के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हमला भाऊ गैंग की ओर से करवाया गया था या नहीं। साथ ही अक्टूबर 2024 में दर्ज फिरौती के मामले की भी दोबारा जांच की जा रही है।