ह‍रियाणा में अडानी ऑयस्टर सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में लैंटर गिरा; कई कारें क्षतिग्रस्त

सेक्टर-102A स्थित अडानी ऑयस्टर सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में लैंटर का हिस्सा गिरने से कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

ह‍रियाणा में अडानी ऑयस्टर सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में लैंटर गिरा; कई कारें क्षतिग्रस्त

अडानी ऑयस्टर सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में अचानक गिरा लैंटर का बड़ा हिस्सा

कारों पर गिरा भारी प्लास्टर और कंक्रीट, कई वाहन क्षतिग्रस्त

रेजिडेंट्स में दहशत, समय रहते लोग हटे तो टला बड़ा हादसा


गुरुग्राम के सेक्टर-102A स्थित अडानी ऑयस्टर प्रीमियम सोसाइटी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोमवार को टावर H की B1 बेसमेंट पार्किंग में लैंटर का एक बड़ा हिस्सा अचानक नीचे खड़ी कारों पर गिर गया। तेज धमाके जैसी आवाज सुनते ही पार्किंग में मौजूद लोग घबराकर बाहर की ओर भागे और अपनी जान बचाई।

कई कारें क्षतिग्रस्त, लोगों में दहशत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंटर के साथ भारी मात्रा में प्लास्टर और कंक्रीट भी नीचे गिरा, जिससे पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद पूरे बेसमेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कुछ सेकंड की देरी होती तो जा सकती थी जान

रेजिडेंट्स का कहना है कि जिस समय यह हादसा हुआ, कुछ लोग अपनी गाड़ियां निकाल रहे थे। गनीमत रही कि लैंटर गिरने से ठीक पहले लोग वहां से हट गए। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।

बिल्डिंग की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। रेजिडेंट्स ने इमारत की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए पूरे ढांचे की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। रेजिडेंट्स का कहना है कि पूरे बेसमेंट और इमारत की स्ट्रक्चरल ऑडिट कराई जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।