Gen Z , क्या बदल रही है भारत की राजनीति?

जंतर-मंतर छात्र आंदोलन ने भर्ती परीक्षाओं से आगे बढ़कर डिजिटल मीडिया, राजनीति और Gen Z की भूमिका पर नई बहस छेड़ दी है। पढ़ें पूरा विश्लेषण

Gen Z , क्या बदल रही है भारत की राजनीति?

➤ भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के विरोध से शुरू हुआ आंदोलन डिजिटल दौर की सबसे बड़ी युवा आवाज़ बनकर उभरा

➤ रील्स, शॉर्ट्स और मीम्स के जरिए Gen Z ने सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान और नैरेटिव तैयार किया

➤ आंदोलन के बीच राजनीति, मीडिया और लोकतंत्र की बदलती भूमिका पर देशभर में नई बहस छिड़ी

अखिलेश महाजन


दिल्ली के जंतर-मंतर से उभरी तस्वीरों को अगर आप सिर्फ 'एक और छात्र प्रदर्शन' मान रहे हैं, तो शायद आप वक्त की उस करवट को मिस कर रहे हैं जो भारतीय लोकतंत्र में एक नया इतिहास लिख रही हैं।

यह सिर्फ भर्ती परीक्षाओं या लीक होते पेपरों का विरोध नहीं; यह उस नई पीढ़ी—हमारी Gen Z(1997-2012 के बीच जन्मी पीढ़ी) का पारंपरिक सत्ता और पुराने ढर्रे को एक करारा जवाब है। जब मुख्यधारा की मीडिया के भारी-भरकम कैमरे और प्राइम-टाइम एंकरों का रुख हमेशा की तरह सरकार के बचाव में झुकता दिखा, तब इस 'डिजिटल नेटिव' पीढ़ी ने हाथ में माइक नहीं, स्मार्टफोन उठाया।

30 सेकेंड की रिल्स, शॉर्ट्स, तीखे मीम्स और लाइव स्ट्रीम्स के ज़रिए इस दबंग, बुद्धिमान और निडर पीढ़ी ने वो मुक़ाम हासिल कर लिया, जिसके लिए पुराने ज़माने में बड़े-बड़े जन-आंदोलनों को महीनों मेहनत करनी पड़ती थी और पूरा भारत का यूथ जंतर मंतर की ओर निकल पड़ा 

वैसे तो दिल्ली का जंतर-मंतर दशकों से आंदोलनों का केंद्र रहा है। यहां की फिज़ा में जेपी आंदोलन की गूंज से लेकर अन्‍ना हज़ारे के अनशन तक की यादें मौजूद हैं। लेकिन हाल ही में जब भर्ती परीक्षाओं में धांधली और लीक होते पेपरों के खिलाफ जब अब देश की Gen Z सड़क पर उतरी, तो उसने इतिहास की पटकथा को ही बदल दिया। यह कोई सामान्य प्रदर्शन नहीं ; यह 'डिजिटल नेटिव्स' का एक ऐसा दबंग और निडर आंदोलन बन गया, जिसने एक तरफ मुख्यधारा मीडिया के पक्षपाती रवैये की पोल खोली, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीखी ट्रोलिंग और मीम वॉर से सत्ता के गलियारों में खलबली मचा दी। इस पूरे घटनाक्रम में राहुल गांधी और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की सीधी संलिप्तता व आक्रामक एक्शन ने इसे एक बड़ा राजनीतिक मोड़ दे दिया, जिससे सरकार को मजबूरन बैकफुट पर आना पड़ा।

ऐसे में जंतर-मंतर का छात्र आंदोलन सिर्फ इस बात का प्रमाण नहीं है कि हमारे देश में भर्ती व्यवस्था में सुधार की ज़रूरत है; यह इस बात का ऐतिहासिक दस्तावेज़ है कि भारत की Gen Z अब दर्शक नहीं, बल्कि लोकतंत्र का पटकथा लेखक (Scriptwriter) बन चुकी है।

मुख्यधारा मीडिया भले ही अपने कैमरों का रुख मोड़ ले, लेकिन जब स्मार्टफोन की फ्लैशलाइट्स एक साथ जलती हैं, तो सत्ता के सबसे अंधेरे कोनों में भी सच की रोशनी पहुँच ही जाती है। इस निडर पीढ़ी ने साबित कर दिया है कि रील सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि क्रांति की नई भाषा भी बन सकती है, जानें .....

मुख्यधारा बनाम डिजिटल मीडिया

पिछले एक दशक के इतिहास पर नज़र डालें—चाहे वह कोरोना काल में अव्यवस्थाओं का दौर हो, किसान आंदोलन हो, पहलवानों का विरोध-प्रदर्शन हो या अब छात्रों का आंदोलन—मुख्यधारा मीडिया (टीव्ही न्यूज़ चैनलों) की भूमिका पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। जंतर-मंतर के घटनाक्रम के दौरान भी टीवी चैनलों का एक बड़ा हिस्सा हमेशा की तरह सरकार के बचाव में खड़ा दिखा। कई प्राइम-टाइम शो में आंदोलन के पीछे 'अदृश्य ताकतों' का हाथ, छात्रों के अनुशासन और उनकी मंशा पर सवाल उठाए गए।

लेकिन इस बार टीवी की टीआरपी (TRP) पर स्मार्टफोन की 'रील्स' भारी पड़ गईं। Gen Z ने यह समझ लिया था कि उनकी आवाज़ दबाई जा रही है, इसलिए उन्होंने अपनी लड़ाई का मैदान खुद चुना।

समांतर मीडिया (Parallel Media): 30 सेकंड की रील्स, तीखे मीम्स, शॉर्ट्स और इंस्टाग्राम-यूट्यूब लाइव के ज़रिए छात्रों ने जंतर-मंतर के सीधे दृश्य जनता तक पहुंचाए। जब टीवी स्क्रीन पर स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश हो रही थी, तब आम जनता के फोन में जंतर-मंतर पर डटे छात्रों की आपबीती, पुलिस की तनातनी और कड़वी सच्चाई की रील्स तैर रही थीं।

विश्‍व में गूंजा आंदोलन 


हैशटैग्स और डिजिटल नेटवर्किंग की वजह से यह मुद्दा न केवल देश के दूर-दराज़ इलाकों तक पहुंचा, बल्कि विदेशी मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ग्लोबल डिजिटल फ़ोरम्स पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई।

पीएम मोदी की तीखी ट्रोलिंग और 'मीम वॉर' का हथियार


Gen Z के विरोध प्रदर्शन का सबसे अनूठा अंदाज़ था उनकी रचनात्मक तीखापन (Creative Satire)। इस पीढ़ी ने पारंपरिक नारों और तख्तियों से आगे बढ़कर मीम कल्चर को अपना सबसे धारदार हथियार बनाया,जानें ......

-चुनावी वादों पर करारा प्रहार: छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों के पुराने भाषणों, "2 करोड़ रोज़गार" और "पारदर्शिता" के वादों की क्लिप्स को वर्तमान स्थिति से जोड़कर ऐसे मीम्स और रील्स बनाए जो रातों-रात वायरल हो गए।

-व्यंग्य से सत्ता की घेराबंदी: जब सीधी आवाज़ को दबाने की कोशिश हुई, तो युवाओं ने हास्य और व्यंग्य का सहारा लिया। पीएम मोदी की नीतियों और बयानों की तीखी डिजिटल ट्रोलिंग ने सत्ता पक्ष के आईटी सेल को भी बैकफुट पर ला खड़ा किया।

-'ब्रांड मोदी' को चुनौती: इस आंदोलन ने यह साबित किया कि आज की युवा पीढ़ी किसी भी नेता की व्यक्तिगत छवि या उनके प्रभामंडल से प्रभावित होकर अपने अधिकारों के सवाल पूछना बंद नहीं करेगी।

- विपक्षी दलों का एक्शन: राहुल गांधी और विपक्ष का 'पॉलिटिकल माइलेज'
जब सड़कों पर यह जनाक्रोश उमड़ रहा था और डिजिटल स्पेस में ट्रेंड कर रहा था, तब राजनीतिक गलियारों का बेखबर रहना नामुमकिन था। विपक्ष, खासकर कांग्रेस और राहुल गांधी ने इस स्थिति को भाँपने में बिल्कुल देरी नहीं की।

Rahul Gandhi Protest Delhi | Modi Residence Dharna & Congress Controversy

क्‍या राहुल इसी संजीवनी को तलाश रहे थे



सीधा संवाद और समर्थन: राहुल गांधी न सिर्फ छात्रों के मुद्दों को  प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज़ोर-शोर से उठाते दिखे, बल्कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से छात्रों द्वारा बनाए गए डिजिटल कंटेंट को प्रमोट किया।

संसद से सड़क तक घेराबंदी: विपक्षी दलों ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून और भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार की मांग को लेकर सरकार को संसद में घेरा। राहुल गांधी का आक्रामक रुख युवाओं के इस असंतोष को एक बड़ा राजनीतिक आधार देने में सफल रहा।

 
बड़ा सवाल;यह Gen Z भारत की कैसी तस्वीर पेश करेगी?


जंतर-मंतर पर उठी यह लहर केवल एक भर्ती परीक्षा का विरोध बनकर खत्म नहीं होगी। यह भारतीय लोकतंत्र के लिए एक दूरगामी मोड़ (Tipping Point) है। यह निडर, दबंग और बुद्धिशाली पीढ़ी आने वाले समय में देश के परिदृश्य को तीन बड़े तरीकों से बदलेगी:

I. सूचना के एकाधिकार की समाप्ति (Democratization of Information)
अब कोई भी सरकार या मुख्यधारा का मीडिया हाउस मनमाफिक 'नैरेटिव' नहीं थोप सकता। सूचना का नियंत्रण अब एंकरों के हाथों से निकलकर स्मार्टफोन रखने वाले हर युवा के हाथ में आ चुका है। भविष्य के भारत में हर नागरिक अपने आप में एक 'रिपोर्टर' और 'विचारक' होगा।

II. पारंपरिक राजनीति के लिए खतरे की घंटी
पुरानी पीढ़ी के राजनेताओं के लिए यह आंदोलन एक सबक है। Gen Z को भावुक भाषणों या धार्मिक/जातीय गोलबंदी से भटकाना आसान नहीं है। वे डेटा, तथ्य और त्वरित परिणाम चाहते हैं। यदि नेता उनकी समस्याओं को हल नहीं करेंगे, तो अगली रील उनकी नाकामी का कच्चा-चिट्ठा खोलेगी।

III. लोकतंत्र का नया 'डिजिटल रक्षा-कवच'
लोकतंत्र में विपक्ष और मीडिया को 'चेक्स एंड बैलेंसेस' (नियंत्रण और संतुलन) का जरिया माना जाता है। जब ये दोनों तंत्र सुस्त पड़ते हैं, तब युवाओं का यह दबंग डिजिटल अवतार लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में उभरेगा। यह पीढ़ी यह संदेश दे रही है कि वे सत्ता के सामने न झुकेंगे, न डरेंगे, बल्कि स्क्रीन पर सच दिखाकर सरकार को जगाएंगे।



सिक्के का दूसरा पहलू: नासमझी, बदमिज़ाजी या बेखौफ़ मिज़ाज का 'व्यावहारिक सच'?


जहाँ एक तरफ इस 'डिजिटल समर' को युवाओं की सफलता माना जा रहा है, वहीं ज़मीनी हकीकत और वरिष्ठ विचारकों की नज़र में इस Gen Z पीढ़ी का एक बेहद कड़वा और व्यावहारिक पहलू भी है, जिसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता:

शून्य-रिहाज़ और बेखौफ़ बदमिज़ाजी: 1997 के बाद जन्मी 20-27 साल की यह पीढ़ी राजनीति के पुराने मैनर्स और लिहाज़ को सिरे से खारिज करती है। इनके लिए न 'ब्रांड मोदी' का कोई आभामंडल काम करता है और न 'राहुल गांधी' के प्रति कोई पूर्व-आग्रह है। ये वो बेखौफ़ और बदमिज़ाज कौम है, जो सोशल मीडिया पर कब, किसकी और कैसे 'इज्ज़त उतार दे', इसका अंदाज़ा बड़े-बड़े राजनीतिक पंडित भी ख्वाबों में नहीं लगा सकते।

किताबों से दूरी और रील्स से 'आधा-अधूरा' ज्ञान: अखबारों, इतिहास की किताबों या गहरे राजनीतिक चिंतन से इस पीढ़ी का दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। इनका पूरा ज्ञान इंस्टाग्राम रील्स, वेब सीरीज़ और ऑनलाइन कॉमिक्स से आता है। इसी 'नासमझी' और सतही जानकारी को जब ये अत्यधिक आत्मविश्वास के साथ हथियार बनाते हैं, तो गंभीर मुद्दों के 'मीमीकरण' (Memification) का ख़तरा पैदा हो जाता है।

उग्रता बनाम ज़मीनी परिपक्वता (Short-Attention Span): रील्स पर दिखने वाला आक्रोश जितनी तेज़ी से भड़कता है, उतनी ही तेज़ी से किसी नए इंटरनेट ट्रेंड के आने पर गायब भी हो जाता है। 30-सेकंड के व्यंग्य से सरकार को ट्रोल कर देना एक बात है, लेकिन किसी बड़े व्यवस्थागत सुधार के लिए ज़मीन पर लंबे संघर्ष का धैर्य रखना दूसरी बात। इस बेबाक अंदाज़ के पीछे एक ठहराव और दूरदर्शी सोच (Vision) की कमी साफ़ दिखाई देती है।