इस्कॉन मंदिर के प्रसाद में खामी? FDA रेड के बाद किचन बंद
मुंबई के जुहू इस्कॉन मंदिर के गोविंदा रेस्टोरेंट में FDA जांच के दौरान सफाई, स्टोरेज, कीट नियंत्रण और कर्मचारियों के रिकॉर्ड में खामियां मिलीं।
➤ मुंबई के जुहू इस्कॉन मंदिर के गोविंदा रेस्टोरेंट पर FDA की कार्रवाई
➤ किचन में सफाई, कीट नियंत्रण, स्टोरेज और कर्मचारियों के रिकॉर्ड में मिलीं खामियां
➤ FDA ने 7 सितंबर को लाइसेंस निलंबित किया, सुधार होने तक किचन बंद रखने का फैसला
मुंबई के जुहू इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर के गोविंदा रेस्टोरेंट के किचन पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कार्रवाई की है। कई प्रमुख जगहों पर लगातार चल रही जांच और छापेमारी के तहत जुहू स्थित हरे कृष्णा लैंड परिसर में भी खाद्य इकाइयों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े नियमों में कई कमियां सामने आईं।
FDA की टीम को मुख्य खाद्य इकाई के साथ-साथ इस्कॉन फूड सर्विसेज-रेस्टोरेंट और इस्कॉन गोविंदास रेस्टोरेंट की व्यवस्थाओं में भी खामियां मिलीं। इनमें सफाई व्यवस्था, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कीट नियंत्रण, पानी की गुणवत्ता जांच, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड और प्रशिक्षण से जुड़े नियम शामिल हैं।
निरीक्षण के बाद संबंधित खाद्य इकाइयों के लाइसेंस पर कार्रवाई की गई। FDA ने 7 सितंबर को सार्वजनिक स्वास्थ्य के हित में लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की है। आवश्यक सुधार और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होने तक संबंधित इकाइयों का संचालन प्रभावित रहेगा।
3 सितंबर को किया गया था परिसर का निरीक्षण
FDA ने 3 सितंबर 2026 को हरे कृष्णा लैंड, जुहू स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, कीट नियंत्रण, खाद्य भंडारण और कर्मचारियों से संबंधित नियमों के पालन में गंभीर कमियां सामने आईं।
मुख्य खाद्य इकाई में भोजन तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी की नियमित गुणवत्ता जांच से जुड़े रिकॉर्ड नहीं मिले। इसके अलावा कच्चे माल की पर्याप्त जांच नहीं की जा रही थी और खाद्य सामग्री को उचित तापमान तथा आर्द्रता में रखने की व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं।
जांच में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री को इस तरह रखे जाने की बात सामने आई, जिससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा पैदा हो सकता था। सफाई के लिए निर्धारित शेड्यूल का पालन नहीं होने के साथ ही परिसर में कीटों की मौजूदगी के प्रमाण भी मिले।
इसके अलावा खाद्य पदार्थों की निगरानी और माप के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों का नियमित कैलिब्रेशन नहीं किया जा रहा था।
किचन का बैक गेट खुला मिला, कीट नियंत्रण के इंतजाम भी अपर्याप्त
इस्कॉन फूड सर्विसेज-रेस्टोरेंट की जांच के दौरान किचन के पिछले हिस्से का प्रवेश द्वार खुला मिला। यहां कीटों की रोकथाम के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
FDA की जांच में रसोई में पर्याप्त रोशनी का अभाव, खाद्य पदार्थों की जांच और सफाई से जुड़ी कमियां, जाम नालियां तथा खाद्य अवशेष मिले। इसके अलावा कीटों की मौजूदगी के भी प्रमाण सामने आए।
कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच में भी कमियां मिलीं। कर्मचारियों के मेडिकल परीक्षण, टीकाकरण और प्रशिक्षण से संबंधित रिकॉर्ड पर्याप्त नहीं पाए गए।
गोविंदास रेस्टोरेंट में कच्चे और पके भोजन को अलग रखने की व्यवस्था में कमी
इस्कॉन गोविंदास रेस्टोरेंट की जांच में भी खाद्य पदार्थों और पीने के पानी की नियमित जांच की व्यवस्था में कमी पाई गई। कच्चे माल की जांच और सफाई व्यवस्था को लेकर भी FDA ने गंभीर खामियां दर्ज कीं।
जांच के दौरान कच्चे, पके और शाकाहारी खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से अलग रखने की व्यवस्था नहीं मिली। इससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा बताया गया।
रेस्टोरेंट में ड्रेन जाम मिले। इसके अलावा ग्रीस और कॉकरोच ट्रैप की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। खाद्य कर्मचारियों के पास आवश्यक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और प्रशिक्षण रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।
प्रसाद की गुणवत्ता पर कार्रवाई नहीं, खुले में रखने को लेकर भी उठे सवाल
इस कार्रवाई के बाद इस्कॉन की ओर से सकारात्मक तरीके से सहयोग करने और व्यवस्था में सुधार करने की बात कही गई है। जुहू इस्कॉन के वाइस प्रेसिडेंट गोकुलेश्वर दास ने कहा कि मंदिर प्रशासन इस कार्रवाई को बहुत सकारात्मक तौर पर ले रहा है।
इस्कॉन के मुताबिक, जब तक सभी नियमों को दोबारा स्थापित नहीं किया जाता, तब तक किचन को बंद रखा जाएगा। पदाधिकारी ने यह भी कहा कि भक्त चाहें तो किचन दोबारा खुलने के बाद आकर वहां की व्यवस्था देख सकते हैं।
पदाधिकारी के अनुसार, निलंबन की कार्रवाई खाने की गुणवत्ता को लेकर नहीं की गई है, बल्कि कुछ प्रसाद खुले में रखे जाने सहित व्यवस्था से जुड़ी कमियों के कारण कार्रवाई हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भक्तों को इससे भी बेहतर प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा।
सुधार और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन होने तक प्रभावित रहेगा संचालन
FDA ने निरीक्षण रिपोर्ट और तस्वीरों की समीक्षा के बाद सार्वजनिक स्वास्थ्य के हित में संबंधित लाइसेंस निलंबित किए हैं। अब संबंधित खाद्य इकाइयों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने होंगे।
सफाई, खाद्य भंडारण, पानी की गुणवत्ता, कीट नियंत्रण, खाद्य पदार्थों के पृथक्करण और कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेजों समेत कई बिंदुओं पर सुधार की जरूरत बताई गई है। जब तक आवश्यक सुधार और नियमों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं होता, तब तक संबंधित संचालन प्रभावित रहेगा।
Akhil Mahajan