लिव-इन पार्टनर ने एक्स बॉयफ्रेंड संग मिलकर UPSC अभ्यर्थी की की ह*त्या, फिर श*व ....

दिल्ली के गांधी विहार में UPSC अभ्यर्थी रामकेश मीणा की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। उसकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान ने एक्स-बॉयफ्रेंड सुमित और दोस्त संदीप के साथ मिलकर पहले गला दबाया, फिर शव जलाया। पुलिस ने तीनों को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है।

लिव-इन पार्टनर ने एक्स बॉयफ्रेंड संग मिलकर UPSC अभ्यर्थी की की ह*त्या, फिर श*व ....

➤ दिल्ली के गांधी विहार में UPSC एस्पिरेंट रामकेश मीणा की लाश जलती हालत में मिली
➤ लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान ने एक्स-बॉयफ्रेंड सुमित और उसके दोस्त संदीप के साथ मिलकर की हत्या
➤ पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुरादाबाद से किया गिरफ्तार, CCTV फुटेज ने खोली गुत्थी


नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गांधी विहार इलाके में 6 अक्टूबर को एक फ्लैट में मिली जली हुई लाश की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। पुलिस ने खुलासा किया है कि मारा गया युवक रामकेश मीणा (UPSC एस्पिरेंट) था, जिसकी हत्या उसकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान (21) ने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सुमित कश्यप (27) और उसके दोस्त संदीप कुमार (29) के साथ मिलकर की थी। तीनों को पुलिस ने मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अमृता, जो कि फोरेंसिक साइंस की छात्रा है, मई 2025 से रामकेश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। अमृता का आरोप था कि रामकेश के पास उसके अश्लील वीडियो थे, जिन्हें वह बार-बार कहने पर भी डिलीट नहीं कर रहा था। इस बात से परेशान होकर उसने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सुमित को पूरी कहानी बताई और रामकेश की हत्या की साजिश रच डाली।

5 से 6 अक्टूबर की रात सुमित और संदीप गांधी विहार स्थित फ्लैट में पहुंचे। पहले उन्होंने रामकेश को बेहोश किया, फिर उसका गला दबाकर मार डाला। इसके बाद तीनों ने मिलकर तेल, घी और शराब डालकर शव को जलाया ताकि पहचान मिटाई जा सके। पुलिस के मुताबिक सुमित LPG डिस्ट्रीब्यूटर है, उसने सिलेंडर से आग लगाई जिससे विस्फोट भी हुआ।

मामले की सच्चाई तब सामने आई जब पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। वीडियो में दो नकाबपोश रात करीब 2:18 बजे बिल्डिंग में घुसते दिखाई दिए और 39 मिनट बाद एक युवक बाहर निकलता दिखा। रात 2:57 बजे एक युवती दूसरे युवक के साथ बाहर जाती दिखाई दी। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।

वारदात के बाद तीनों आरोपी रामकेश का लैपटॉप, हार्ड डिस्क और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इन डिवाइसों को भी बरामद कर लिया है। जांच में पता चला कि यह पूरी प्लांड मर्डर थी। आरोपियों ने पहले रामकेश को बेहोश किया, फिर गला दबाया और शव को जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की।

दिल्ली पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या (302), सबूत नष्ट करने (201) और आपराधिक साजिश (120B) की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमृता चौहान पूछताछ में कई बार गुमराह करने की कोशिश कर चुकी है, लेकिन तकनीकी सबूतों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी साजिश बेनकाब हो गई।