स्कूल बस ट्रांसफॉर्मर से टकराई, 45 बच्चे बाल-बाल बचे

फतेहाबाद के गांव लाली में स्कूल बस ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। बस में सवार 45 बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला, बड़ा हादसा टल गया।

स्कूल बस ट्रांसफॉर्मर से टकराई, 45 बच्चे बाल-बाल बचे

स्कूल बस ट्रांसफॉर्मर से टकराई, 45 बच्चों में मची अफरा-तफरी
टायरों से निकला धुआं-चिंगारियां, ग्रामीणों ने तुरंत बचाए बच्चे
ग्रामीणों ने ट्रांसफॉर्मर की लोकेशन पर उठाए सवाल


हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव लाली में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब प्राइवेट स्कूल की बस ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। उस समय बस में करीब 45 बच्चे सवार थे।

जानकारी के अनुसार, स्कूल बस का ड्राइवर राजेश कुमार बच्चों को लेने गांव में पहुंचा था। गली में आगे एक ट्रॉली खड़ी होने से रास्ता संकरा हो गया, जिससे बस को निकलने में दिक्कत हो रही थी। इसके बावजूद ड्राइवर ने बस निकालने की कोशिश की और इसी दौरान बस बिजली ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई

टक्कर लगते ही बस के टायरों से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी बच्चे सुरक्षित रहे।

बताया जा रहा है कि गांव लाली से रोजाना करीब 50 बच्चे अल्पाइन स्कूल में पढ़ने जाते हैं, जो स्टेट हाईवे पर गांव रतनगढ़ के पास स्थित है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि गली में ट्रांसफॉर्मर गलत जगह लगाया गया है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस हादसे में किसी बच्चे को नुकसान हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर को सही स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है।

वहीं, अल्पाइन टॉप स्कूल के प्रिंसिपल जीआर पाटील ने बताया कि घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

स्कूल संचालक कपीश गुप्ता के अनुसार, गली में खड़ी ट्रॉली के कारण बस को मोड़ते समय बिजली की तार बस के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे यह स्थिति बनी।

घटना की सूचना बिजली निगम और स्कूल प्रबंधन को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।