स्कूल में घुसकर महिला टीचर की हत्या: नकाबपोश युवक ने ताबड़तोड़ चाकू से किए वार

फरीदाबाद के निजी स्कूल में महिला टीचर संध्या की चाकू मारकर हत्या। पुलिस के अनुसार छेड़खानी की शिकायत की रंजिश में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया।

स्कूल में घुसकर महिला टीचर की हत्या: नकाबपोश युवक ने ताबड़तोड़ चाकू से किए वार

फरीदाबाद के निजी स्कूल में दिनदहाड़े महिला टीचर की चाकू मारकर हत्या

छेड़खानी केस में शिकायत के बाद आरोपी ने रंजिश में वारदात को दिया अंजाम

हत्या के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर कई टीमें की गठित


हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को एक निजी स्कूल के बाहर दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत महिला टीचर संध्या की एक नकाबपोश युवक ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका ने कुछ दिन पहले इसी युवक के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार उसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि स्कूल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

टीचर से मिलने के बहाने स्कूल पहुंचा आरोपी

मृतका संध्या मूल रूप से डबूआ बल्लभगढ़ की रहने वाली थीं और वर्तमान में अपने पति के साथ फिरोजपुर कला में रह रही थीं। वह गांव सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अध्यापिका थीं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर स्कूल पहुंचा और स्टाफ से संध्या से मिलने की बात कही। जब स्कूल स्टाफ ने इसकी जानकारी दी और संध्या मुख्य गेट पर पहुंचीं तो आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया।

बचने की कोशिश के बावजूद लगातार करता रहा हमला

हमले के दौरान संध्या ने खुद को बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन आरोपी लगातार उन पर हमला करता रहा। वह जान बचाने के लिए भागीं, लेकिन गिर गईं। इसके बाद भी आरोपी लगातार चाकू से वार करता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने उनकी छाती, पेट, गले और चेहरे पर करीब 27 बार चाकू से वार किए। स्कूल में मौजूद लोगों के सामने हुई इस घटना से हर कोई सहम गया।

बचाने पहुंचे स्कूल संचालक को भी दी धमकी

शोर सुनकर स्कूल संचालक तेजपाल मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने चाकू लहराते हुए उन्हें भी धमकाया, जिसके चलते वह पीछे हट गए। इसके बाद आरोपी दोबारा महिला टीचर पर हमला करता रहा और जब वह बेसुध हो गईं तो वहां से फरार हो गया।

मौके पर ही हुई मौत, स्कूल में मची अफरा-तफरी

घटना के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ ने संध्या को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दिनदहाड़े स्कूल परिसर के बाहर हुई इस वारदात से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पहले दर्ज हुई थी छेड़खानी की शिकायत

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका ने कुछ समय पहले इसी युवक के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कराया था। उस समय आरोपी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। पुलिस का मानना है कि इसी बात की रंजिश में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने महिला टीचर की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और लगातार तलाश की जा रही है।