हरियाणा में पिस्टल तानकर ज्वेलरी शॉप लूट, 64 लाख का गोल्ड ले गए बदमाश

फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में तीन बदमाशों ने पिस्टल के दम पर ज्वेलरी शॉप से करीब 64 लाख रुपये का सोना लूट लिया। बदमाश दुकानदार को मैगजीन दिखाकर डराते हुए ज्वेलरी और उसका सोने का कड़ा भी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है।

हरियाणा में पिस्टल तानकर ज्वेलरी शॉप लूट, 64 लाख का गोल्ड ले गए बदमाश

फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में ज्वेलरी शॉप से करीब 64 लाख का गोल्ड लूटा
पिस्टल तानकर दुकानदार को धमकाया, मैगजीन दिखाकर कहा– पूरी भरी है
CCTV में कैद वारदात, बाइक से आए 3 बदमाश; क्राइम ब्रांच जांच में जुटी


फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। यहां सुरूरपुर गांव स्थित सैनी चौपाल के पास श्रीजी ज्वेलर्स नामक दुकान में घुसे तीन बदमाशों ने पिस्टल के दम पर करीब 64 लाख रुपये का सोना लूट लिया। घटना के दौरान बदमाशों ने दुकान मालिक को हथियार दिखाकर बुरी तरह डराया और अलमारी में रखी ज्वेलरी के साथ-साथ उनके हाथ में पहना सोने का कड़ा भी उतरवा लिया। इस पूरी वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी ज्वेलरी के डब्बे लेकर भागते दिखाई दे रहे हैं।

दुकानदार के हाथ से कड़ा उतरवाता बदमाश।

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर ज्वेलरी शॉप के पास पहुंचे। इनमें से एक बदमाश बाहर खड़ा रहा, जबकि दो आरोपी दुकान के अंदर दाखिल हुए। अंदर पहुंचते ही एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर दुकान मालिक पर तान दी, जबकि दूसरा आरोपी दुकान में रखी ज्वेलरी देखने का नाटक करने लगा।

पिस्टल तानकर अलमारी की तरफ इशारा करता बदमाश।

कुछ ही मिनटों में आरोपियों ने अलमारी में रखी सोने की चेन, कंगन, अंगूठी और अन्य ज्वेलरी समेटनी शुरू कर दी। पीड़ित दुकानदार संजय वर्मा के अनुसार बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और पिस्टल की मैगजीन दिखाते हुए कहा कि इसमें पूरी गोलियां भरी हुई हैं। डर के माहौल में उन्होंने अलमारी से ज्वेलरी निकालकर दे दी। जाते समय आरोपियों ने उनके हाथ में पहना सोने का कड़ा भी उतरवा लिया

दुकान से करीब 400 ग्राम के आसपास सोने के आभूषण कई डब्बों में रखे हुए थे, जिन्हें बदमाश अपने साथ ले गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक बदमाश ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि अन्य दो ने कपड़े से चेहरा ढका हुआ था। एक आरोपी के हाथ में पिस्टल और दूसरे के पास चाकू भी दिखाई दे रहा है।

मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ज्वेलरी शॉप में लूट की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीन बदमाशों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच की टीमें गठित कर दी गई हैं